किसान अगर देशद्रोही हो गया तो देश नहीं बचेगा : योगेंद्र यादव
जागरण संवाददाता साहिबाबाद स्वराज अभियान के प्रमुख एवं किसान प्रतिनिधि योगेंद्र यादव ने कहा कि
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : स्वराज अभियान के प्रमुख एवं किसान प्रतिनिधि योगेंद्र यादव ने कहा कि किसानों को आज देशद्रोही कहा जा रहा है। कभी अगर ऐसा हुआ तो इस देश को कोई बचा नहीं पाएगा। किसान आंदोलन स्थल के मंच से उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि अपना संघर्ष जारी रखना है।
उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली के लाल किला में जो कुछ भी हुआ वह सरकार की विफलता को दर्शाता है। लाल किले में पुलिस के अलावा आर्मी भी रहती थी, लेकिन वहां कैसे इतने ट्रैक्टर घुस गए। ट्रैक्टर रैली की बात पिछले काफी समय से चल रही थी। ट्रैक्टर परेड के लिए किसानों को जो रूट दिया गया था उस पर बैरिकेड लगा दिए गए, जो रास्ता खोला वहां किसानों के साथ ज्यादती की गई। दिल्ली में हुए हर मामले को लेकर उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच जरूरी है। लाल किले की शर्मनाक घटना पर नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए। योगेंद्र यादव ने कहा कि सरकार द्वारा चारो ओर से किसानों पर हमले कराए जा रहे हैं। गाजीपुर बार्डर पर बस नहीं चला तो सिघु बार्डर पर अपने लोगों से हमला कराया जा रहा है। उन्होंने किसानों से एकजुटता का परिचय देते हुए आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखने का आह्वान किया।