अब सुधरेगी हम-तुम रोड की सूरत! 5 साल बाद मिली हरी झंडी, 1 लाख लोगों को मिलेगी राहत
गाजियाबाद में हम-तुम रोड के निर्माण का काम शुरू हो रहा है, जिसके लिए जीडीए ने 26 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है।

हम-तुम रोड का रास्ता साफ
HighLights
जीडीए ने हम-तुम रोड के लिए 26 करोड़ का टेंडर जारी किया
राजनगर एक्सटेंशन और आसपास की सोसायटियों को मिलेगी राहत
2.7 किमी सड़क से आवागमन सुगम होगा, सीवर-ड्रेनेज भी
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। पिछले पांच वर्षाें से हम तुम रोड की बदहाल सड़क के निर्माण की मांग को लेकर सड़कों पर उतरने वाले सोसायटी के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। राजनगर एक्सटेंशन और मेरठ रोड से आउटर रिंग रोड तक पहुंच अब आसान होगी।
जीडीए ने मेरठ रोड से आउटर रिंग रोड तक हम तुम रोड की 24 मीटर चौड़ी सड़क बनाने के लिए करीब 26 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। करीब 2.7 किमी यह सड़क राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र से होते हुए एनएच-9 के पास आउटर रिंग रोड से जुड़ेगी, जिससे हम तुम रोड की सात और राजनगर एक्सटेंशन की 20 से अधिक साेसायटी के एक लाख से अधिक लोगों को राहत मिलेगी।
सड़क निर्माण के साथ इन पर भी होगा काम
सड़क निर्माण के साथ हम-तुम रोड, सीवर और ड्रेनेज की व्यवस्था भी की जाएगी। परियोजना की अनुमानित लागत 26 रुपये आएगी। जीडीए की ओर से सड़क काम पूरा करने के लिए समयसीमा निर्धारित की है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण शुरू होने पर करीब नौ माह का समय सड़क तैयार करने में लगेगा।
सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा।
राजनगर एक्सटेंशन को मिलेगा सीधा फायदा
राजनगर एक्सटेंशन में लगातार बढ़ रहे आवासीय और व्यावसायिक विकास के बीच यह सड़क महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वर्तमान में क्षेत्र से मेरठ रोड और आउटर रिंग रोड की ओर आने-जाने के लिए प्रमुख मार्गों पर निर्भरता रहती है। नई सड़क बनने से वैकल्पिक कनेक्टिविटी विकसित होगी। इससे स्थानीय निवासियों के साथ दैनिक यात्रियों और आसपास के विकसित हो रहे क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा।
पांच नवंबर तक जमा होंगे दस्तावेज
निविदा प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही निर्माण एजेंसी पांच नवंबर शाम पांच बजे तक दस्तावेज जमा कर सकेंगे। तकनीकी निविदा छह नवंबर को सुबह 11 बजे खोली जाएगी। वित्तीय निविदा खोलने की तिथि बाद में निर्धारित की जाएगी। निविदा में दो कवर रखे गए हैं। पहले कवर में शुल्क, पूर्व-योग्यता और तकनीकी दस्तावेज तथा दूसरे में वित्तीय बोली शामिल होगी।
गुणवत्ता और ड्रेनेज पर रहेगी नजर
सड़क के निर्माण के साथ सीवर और जलनिकासी की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। ऐसे में निर्माण के दौरान गुणवत्ता और ड्रेनेज व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना होगा। राजनगर एक्सटेंशन जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान यातायात प्रबंधन भी जीडीए के लिए चुनौती रहेगा।
'सड़क निर्माण को लेकर पिछले काफी समय से लोगों को परेशानी हो रही थी, जिसको लेकर प्राधिकरण सड़क चौड़ीकरण के लिए किसानों से जमीन को लेकर सहमति बनाने में कामयाब रहा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा।'
- आलोक रंजन, मुख्य अभियंता जीडीए
यह भी पढ़ें- सड़क निर्माण के लिए पेड़ कटाई पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, पंजाब सरकार से मांगी पौधारोपण के लिए जमीन
