हिंडन एयरपोर्ट से शुरू होंगी कार्गो उड़ानें, पश्चिमी यूपी के उद्योगों को मिलेगा बड़ा लाभ
हिंडन एयरपोर्ट से जल्द ही कार्गो (मालवाहक) उड़ान सेवा शुरू होने की तैयारी है, जिसके लिए इंडिगो और स्टार एयर जैसी एयरलाइंस बातचीत कर रही हैं।

हिंडन एयरपोर्ट से जल्द ही कार्गो (मालवाहक) उड़ान सेवा शुरू होने की तैयारी है। फाइल फोटो
HighLights
हिंडन एयरपोर्ट से कार्गो उड़ान सेवा की तैयारी।
इंडिगो, स्टार एयर एयरलाइंस कर रही हैं बातचीत।
पश्चिमी यूपी के उद्यमियों को मिलेगा व्यापार में लाभ।
जितेंद्र सिंह, साहिबाबाद। हिंडन एयरपोर्ट से पहली बार कार्गो (मालवाहक विमान) उड़ान सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इंडिगो और स्टार एयर द्वारा हिंडन एयरपोर्ट अथारिटी से बातचीत चल रही है। इंडिगो एयरलाइंस इसको लेकर प्राथमिक सर्वे कर चुकी है। कार्गो उड़ान सेवा की शुरुआत मुंद्रा के लिए हो सकती है। इसके साथ ही अन्य शहरों के लिए कार्गो उड़ान सेवा शुरू करने के लिए एयरलाइंस कंपनियां मंथन कर रही हैं।
हिंडन एयरपोर्ट प्राधिकरण के निदेशक डा. महेश चिलका ने बताया कि कार्गो उड़ान सेवा शुरू करने को लेकर इंडिगो और स्टार एयर से बातचीत चल रही है। इंडिगो एयरलाइंस द्वारा इसको लेकर प्राथमिक सर्वे भी किया जा चुका है। एयरलाइंस कंपनियों द्वारा अभी फिजिबिलिटी देखी जा रही है। इसके साथ ही कौन से उत्पाद यहां से जाएंगे, इस पर भी मंथन चल रहा है। कार्गो सेवा शुरू करने के लिए नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो से अनुमति ली जाएगी।
एयरलाइंस कंपनियां जल्द ही दे सकती हैं प्रस्ताव
एयरलाइंस कंपनियां अभी फिजिबिलिटी देख रही हैं। इसके साथ ही कौन से शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू होगी और कहां से ज्यादा फायदा हो सकता है, इस पर भी विचार कर रही हैं। पहले अन्य एयरलाइंस कंपनियां सर्वे करेंगी। उसके बाद फिजिबिलिटी देखेंगी।
कौन से माल यहां से जाएंगे, इन सब चीजों पर खाका खींचा जा रहा है। इसके बाद कार्गो उड़ान सेवा शुरू करने के लिए प्रस्ताव देंगी। एयरपोर्ट प्राधिकरण के निदेशक ने बताया कि कार्गो उड़ान सेवा के लिए एयरपोर्ट प्राधिकरण स्तर से भी जल्द ही सर्वे किया जाएगा। इसमें सुरक्षा प्रोटोकाल, माल सुरक्षा, माल वाले स्थान से यात्रियों का कम से कम हस्तक्षेप देखा जाएगा।
पश्चिमी यूपी के उद्यमियों को मिलेगा लाभ
हिंडन एयरपोर्ट से कार्गो उड़ान सेवा शुरू होने से गाजियाबाद सहित पश्चिमी यूपी के उद्यमियों को लाभ मिलेगा। उद्यमी अपना सामान कम समय में गंतव्य तक भेज सकेंगे। इससे समय की बचत के साथ ही उद्यमियों का व्यापार में भी तेजी आएगी।
मुंद्रा के लिए शुरू हो सकती है कार्गो उड़ान, उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण
डॉ. महेश चिलका ने बताया कि मुंद्रा के लिए कार्गो उड़ान सेवा शुरू होने की संभावना है। मुंद्रा गुजरात के कच्छ में है और औद्योगिक शहर है। यहीं पर मुंद्रा बंदरगाह भी है। ऐसे में गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को हवाई सेवा से काफी लाभ मिलेगा।
एयरपोर्ट टर्मिनल का चल रहा विस्तार
हिंडन एयरपोर्ट टर्मिनल के विस्तार का कार्य भी चल रहा है। करीब नौ मीटर विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही इंटरनल सड़कें भी बनाई जा रही हैं। इसके बाद आगे कार्गो टर्मिनल भी बनाने को लेकर कवायद शुरू की जाएगी। कार्गो टर्मिनल बनने के बाद वहीं पर एयरलाइंस कंपनियों के मालवाहक विमान खड़े होंगे।
