हिंडन एयरफोर्स स्टेशन में पहली बार महिला कमांडर की अगुवाई में रायफल ड्रिल, 28 योद्धाओं ने दिखाया शौर्य
हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर फुल ड्रेस रिहर्सल में महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। पहली बार महिला कमांडिंग आफिसर के ...और पढ़ें

हिंडन एयरबेस में वायु सेना दिवस के अवसर पर फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान करतब दिखाती ड्रमर्स टीम। जागरण
HighLights
महिला कमांडिंग आफिसर ने पहली बार रायफल ड्रिल का नेतृत्व किया।
'टीम शक्ति' की 28 महिला योद्धाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाए।
हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर फुल ड्रेस रिहर्सल में शक्ति प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद (गाजियाबाद)। हिंडन एयरफोर्स स्टेशन में फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान महिला सशक्तीकरण का संदेश भी बखूबी दिया गया। ऐसा पहली बार हुआ जब महिला कमांडिंग आफिसर के नेतृत्व में थ्री-नाट-थ्री रायफल के साथ प्रदर्शन किया गया।
इस टोली में सभी महिला जांबाजों ने ड्रिल टू थ्रिल थीम पर हैरतअंगेज करतब किए। महिला सैनिकों ने दिखाया कि वो आज किसी से कम नहीं हैं। युद्ध के मैदान पर जरूरत पड़ने पर वो दुश्मनों से लोहा लेने के लिए तैयार हैं।
भारतीय वायुसेना की महिला वायु योद्धाओं की विशेष ड्रिल टीम को टीम शक्ति कहा जाता है, जो अपने सटीक और अनुशासित मूवमेंट्स के लिए जानी जाती है। टोली में शामिल 28 महिला योद्धाओं ने ड्रिल में भाग लिया।
कदम ताल करते हुए दुश्मनों पर निशाना साधती हुई महिला जवानों की टीम ने दमदार प्रदर्शन किया। सैनिकों की महिला योद्धाओं के प्रदर्शन के दौरान दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। आठ अक्टूबर को होने वाले स्थापना दिवस समारोह में महिला योद्धा शस्त्र के साथ शक्ति का प्रदर्शन करेंगी।
ड्रमर्स टीम की धुन ने जीता दिल
इसके साथ ही रिहर्सल में वायु सैनिकों की ड्रमर्स टीम ने भी प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व एलएस चंद्रा ने किया। इस दौरान बैंड की धुन ने दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रदर्शन के दौरान जवानों की टाइमिंग देखते ही बन रही थी। जवानों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाई और उनका उत्साहवर्धन किया।
हेरिटेज विमान के प्रदर्शन ने लोगों को किया मंत्रमुग्ध
रिहर्सल के दौरान हेरिटेज टाइगर मौथ विमान से योद्धाओं ने करतब दिखाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दो सीटर विमान में विंग कमांडर शिशिर अरोड़ा और ग्रुप कमांडर अनूप ने तरह-तरह के करतब दिखाए गए। इससे लोगों को पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं।
