लोगों ने ठेका कर्मी को बाहर कर शटर किया बंद
जागरण संवाददाता मोदीनगर विरोध के बीच भगवान गंज मंडी के सामने ठेकाकर्मी ने शनिवार को श
जागरण संवाददाता, मोदीनगर:
विरोध के बीच भगवान गंज मंडी के सामने ठेकाकर्मी ने शनिवार को शराब ठेका खोल दिया। इसी दौरान लोग भी बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। नारेबाजी करते हुए लोगों ने ठेकाकर्मी को बाहर कर उसका शटर जबरन बंद कर दिया। लोगों ने ठेके के बाहर दो घंटों तक जबरदस्त हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर तहसीलदार उमाकांत तिवारी, एसएचओ देवपाल सिंह पुंडीर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई कराने का आश्वासन देकर शांत कर घर भेजा। ज्ञात हो कि भगवानगंज मंडी के सामने हाईवे पर ठेका खोला गया है। इसका स्थानीय लोग विरोध करते आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई शिक्षण संस्थान के साथ वहां ज्वेलरी और कपड़े के बड़े शोरूम हैं। ठेका खुलने से वहां का माहौल खराब हो जाएगा। लोगों ने शुक्रवार को तहसील पर भी जोरदार हंगामा किया था। इसी बीच शनिवार को ठेकाकर्मी ने सुबह ही ठेका खोल दिया। ठेका खुलने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं और लोग वहां पहुंच गए। महिलाएं नारेबाजी करते हुए ठेके के बाहर धरने पर बैठ गईं। जबकि लोगों ने ठेकाकर्मी को बाहर कर उसका शटर बंद कर दिया। लोगों के विरोध के सामने ठेकाकर्मी ने भी वहां से खिसकने में ही अपनी भलाई समझी। नारेबाजी और हंगामे की सूचना जैसे ही अधिकारियों को मिली। तुरंत मौके पर तहसीलदार उमाकांत तिवारी, एसएचओ देवपाल सिंह पुंडीर भारी पुलिसबल के साथ पहुंच गए।
अधिकारियों ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। लोगों ने तहसीलदार, एसएचओ को ज्ञापन सौंपते हुए चेताया कि ठेका बंद नहीं हुआ तो लोग सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। उन्होंने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही। लोगों ने आरोप लगाया कि ठेका आबकारी विभाग की मिलीभगत से चालू कराया गया है। जबकि नगरपालिका सीमा क्षेत्र में शिक्षण संस्थान के निकट ठेका संचालित नहीं हो सकता। जबकि आबकारी विभाग के अधिकारियों का दावा है कि ठेका नियमानुसार ही दिया गया है। लोगों को शिकायत है तो इस बारे में उच्चाधिकारियों से बात की जाएगी। हंगामे में दीपक राठी, विनीत कपूर, राजन चौधरी, गौरव हुड्डा, प्रिस कंसल, अरूण बब्बू, गौतम मलिक, एकता, प्रिया आदि लोग मौजूद रहे।