होर्डिंग बोर्ड से चमक रही सियासत, गाजियाबाद की सुंदरता पर दाग
गाजियाबाद शहर में अवैध होर्डिंग और प्रचार बोर्डों की भरमार है, जिससे शहर की सुंदरता बिगड़ रही है, खासकर राजनीतिक चेहरों वाले होर्डिंग हर जगह दिखाई देते हैं।

होर्डिंग बोर्ड से चमक रही सियासत ( एआई जेनरेटेड इमेज )
शाहनवाज अली, गाजियाबाद। शहर को खूबसूरत बनाने के दावे खूब होते हैं। लेकिन, सड़कों पर नजर डालें तो तस्वीर कुछ और ही कहानी कहती है। गली-कूचे हों या प्रमुख सड़कें, चौराहे हों या बाजार, जगह-जगह लगे होर्डिंग और प्रचार बोर्ड शहर की सूरत बिगाड़ रहे हैं।
इन पर विकास या जनहित का संदेश कम और राजनीतिक चेहरों की चमक ज्यादा दिखाई देती है। त्योहार की बधाई हो, जन्मदिन का संदेश, स्वागत या राजनीतिक कार्यक्रम हर बहाने सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग लगाने की होड़ लगी है।
शहर में स्थिति यह है कि कई स्थानों पर एक के ऊपर दूसरा बोर्ड लगा दिखाई देता है। कहीं सड़क किनारे खंभों पर प्रचार सामग्री टंगी है, तो कहीं दीवारों और सार्वजनिक परिसंपत्तियों का इस्तेमाल प्रचार के लिए किया जा रहा है। मुख्य मार्गों से लेकर अंदरूनी सड़कों तक यह सिलसिला शहर की सुंदरता पर बदनुमा दाग बन रहा है।
सियासत का चेहरा बड़ा, शहर छोटा
होर्डिंग की इस होड़ में राजनीतिक दलों और नेताओं के चेहरे सबसे ज्यादा नजर आते हैं। किसी पर बधाई संदेश है, तो किसी पर आगामी कार्यक्रम का प्रचार। कुछ बोर्ड ऐसे भी हैं, जिनका आयोजन बीत चुका है। लेकिन, प्रचार सामग्री अब तक नहीं हटाई गई।
सार्वजनिक स्थान किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के प्रचार का स्थायी ठिकाना बने हुए हैं। जबकि सड़क, चौराहे और सार्वजनिक स्थल आम लोगों के लिए हैं। कई जगह बड़े आकार के प्रचार बोर्ड वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं।
कार्रवाई के दावे, फिर लौट आता है होर्डिंग का जाल
अवैध होर्डिंग हटाने को लेकर नगर निगम और संबंधित विभाग समय-समय पर अभियान चलाते हैं। कार्रवाई के दौरान बोर्ड हटाए भी जाते हैं, लेकिन कुछ ही समय बाद फिर वही जगह नए होर्डिंग से पट जाती है। इससे अभियान की निरंतरता और निगरानी पर सवाल खड़े होते हैं।
शहर की खूबसूरती पर सियासत भारी
गाजियाबाद तेजी से विकसित हो रहा शहर है। यहां सड़कों, चौराहों और प्रमुख मार्गों के सुंदरीकरण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। दूसरी ओर इन्हीं स्थानों पर अनियंत्रित और अवैध प्रचार सामग्री शहर की पूरी तस्वीर बिगाड़ रही है। विकास की चमक को राजनीतिक होर्डिंग ढक रहे हैं।
शहर में अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग्स और प्रचार बोर्ड को हटाने के लिए अभियान चलाकर हटाया जाएगा। इसके साथ ही नगर निगम क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए प्रचार बोर्ड से संबंधित के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। - डा. अनुज, वरिष्ठ विज्ञापन प्रभारी नगर निगम
