विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में ब्वॉयफ्रेंड के लिए पति और बेटे को दे रही थी धीमा जहर, खून की जांच में खुला राज; पत्नी गिरफ्तार 

Published: Tue, 24 Nov 2026 09:13 PM (IST)

इंदिरापुरम में एक महिला को अपने पति और बेटे को एक साल से खाने में धीमा जहर देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पति की तबीयत बिगड़ने पर जांच में खून में लेड की मात्रा अधिक पाई गई।

गाजियाबाद में पत्नी अपने पति और बेटे को एक साल से जहर दे रही थी। फोटो: एआई जनरेटेड

गाजियाबाद में पत्नी अपने पति और बेटे को एक साल से जहर दे रही थी। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. पत्नी ने पति और बेटे को दिया धीमा जहर।

  2. पति के खून में लेड की अधिक मात्रा पाई गई।

  3. आरोपी पत्नी दिल्ली के झिलमिल से गिरफ्तार हुई।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पत्नी अपने प्रेमी व स्वजन के साथ मिलकर एक साल से पति व बेटे को खाने में धीमा जहरीला पदार्थ दे रही थी।

पति की तबीयत बिगड़ने पर जब वह अस्पताल में भर्ती हुए तो जांच रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ की पुष्टि हुई। इसके बाद पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में खून में लेड की मात्रा मिली अधिक

वसुंधरा निवासी एक व्यक्ति का पत्नी से विवाद चल रहा था। इस बीच उनकी दो माह पूर्व तबीयत खराब हुई। वह अस्पताल गए तो चिकित्सकों ने आईसीयूमें भर्ती किया।

उनकी जांच की गई तो शरीर में जहरीले तत्वों का पता चला। चिकित्सकों को शक हुआ और जहरीले तत्व अधिक पाए जाने पर दोबारा जांच कराई गई, इस बार भी रिपोर्ट में जहरीले तत्व अधिक मात्रा में पाए गए।

इसके बाद उन्हें जीवन रक्षक इलाज दिया गया। जांच में पता चला कि उनके खून में लेड की मात्रा अधिक है। स्वस्थ होने पर चिकित्सकों ने उनसे पूछताछ की तो पता चला कि उनका पत्नी से विवाद चल रहा है और ससुराल पक्ष ज्वैलरी का काम करता है।

चिकित्सकों को शक हुआ कि लेड ज्वैलरी में इस्तेमाल होता है और उन्होंने इस बारे में पीड़ित को बताया कि यह तो साफ तौर पर पुलिस केस है। उन्होंने तत्काल पुलिस से शिकायत की और पत्नी से अलग रहने लगे।

करीब एक माह पत्नी से अलग रहने के बाद जांच हुई तो खून में लेड की मात्रा कम हो गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को चिकित्सीय रिपोर्ट देते हुए शिकायत की। पुलिस ने जांच के बाद मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज की और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।

बेटे ने भी खाने में स्प्रे डालने की बात बताई

पीड़ित ने बताया कि करीब एक साल से उनकी पत्नी उनके साथ यह कृत्य कर रही थी। इसके बाद जब उन्होंने बच्चों से बातचीत की, तो बच्चों ने बताया कि मम्मी उनके खाने में स्प्रे से कुछ डालती थी।

पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने पत्नी के मोबाइल की जांच की, तो पता चला कि उनकी पत्नी के किसी दूसरे धर्म के युवक से संबंध हैं। जिसकी वजह से पत्नी उन्हें और उनके बेटे को धीमा जहर देकर बीच से हटाना चाहती थी।

दिल्ली के झिलमिल से आरोपी पत्नी गिरफ्तार

एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया जांच में पता चला कि पत्नी अपने पति व बेटे को खाने में धीमा जहर दे रही थी। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पत्नी को दिल्ली के झिलमिल से गिरफ्तार किया। मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।