गाजियाबाद में लोहे की रॉड से वारकर पति की हत्या का आरोप, पत्नी और प्रेमी पर रिपोर्ट दर्ज
साहिबाबाद में मोहननगर के पास जंगल में मिले युवक के शव के मामले में नया मोड़ आया है। पुलिस ने ...और पढ़ें

पत्नी पर पति की हत्या का आरोप। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
मोहननगर के जंगल में मिला था युवक का शव।
पत्नी और प्रेमी पर लोहे की रॉड से हत्या का आरोप।
पुलिस ने जांच शुरू की, जल्द खुलासे का दावा।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र में मोहननगर के पास एक जंगल में मिले युवक के शव के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मामले में युवक की पत्नी व उसके प्रेमी पर लोहे की राड से वारकर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर तंत्र के माध्यम से महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।
शादी के 10 साल तक पत्नी साथ रही
बुलंदशहर पुराना बस अड्डा निवासी बबलू का का कहना है कि उनका 35 वर्षीय भाई लखवेंद्र अर्थला में किराये के मकान में रहता था। उसने 15 साल पहले शादी की थी। शादी के 10 साल तक पत्नी साथ रही, इस दौरान दोनों के बीच पत्नी के चरित्र को लेकर विवाद रहता था। बाद में दोनों के बीच तलाक हो गया।
इसके बाद उनके भाई ने अर्थला में ही दूसरी युवती से शादी कर ली। कुछ साल बाद दूसरी पत्नी भी छोड़कर चली गई और अर्थला में ही एक ट्रक चालक के साथ रहने लगी। उनका कहना है कि अक्सर भाई अपनी दूसरी पत्नी से मिलने जाता था लेकिन पत्नी अपने प्रेमी ट्रक चालक के साथ मिलकर भाई के साथ मारपीट करती थी।
पिता भी अर्थला में भाई के पास आकर रहने लगे
भाई की शराब पीने की आदत के चलते पिता भी अर्थला में भाई के पास आकर रहने लगे। आरोप है कि तीन व चार अगस्त को भी भाई अपनी दूसरी पत्नी से मिलने गया था तो दोनों ने मिलकर उसे बहुत बुरी तरह से पीटा। इसके बाद भाई पांच अगस्त की रात पिता से खाना लाने की बात कहकर बाहर निकला और वापस नहीं लौटा।
काफी तलाशने के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। आठ अगस्त को उसका शव मोहननगर में डीसीपी ट्रांस हिंडन के कार्यालय से कुछ दूरी पर जंगल में पड़ा हुआ मिला। 10 अगस्त को भाई का सुराग नहीं लगने पर वह पिता के साथ साहिबाबाद थाने गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे तो फोटो के माध्यम से भाई की पहचान की।
इसके बाद पीड़ित ने दूसरी पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश किया जाएगा।
