गाजियाबाद में जिम ट्रेनर से शादी के लिए पत्नी ने पति पर करवाया हमला, चाकू के 12 वार के बाद भी बची जान
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक सीनियर अकाउंटेंट पर घर के अंदर हमला हुआ। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके जिम ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
सीनियर अकाउंटेंट पर घर में घुसकर चाकू से हमला।
पत्नी और जिम ट्रेनर पर हत्या की साजिश का आरोप।
घायल पति अस्पताल में भर्ती, आरोपी हिरासत में।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर के निवासी पोस्टल विभाग के सीनियर अकाउंटेंट पर सोमवार तड़के घर में घुसकर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावरों ने उनपर करीब 12 जगह चाकू से वार किए। उन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोप है कि उनकी पत्नी ने हत्या की साजिश के तहत अपने जिम ट्रेनर प्रेमी के साथ हमला करवाया। पुलिस ने पत्नी और जिम ट्रेनर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शशांक और प्रिया की तीन साल की बेटी
मूलरूप से झांसी के रहने वाले शशांक कंथारिया (35) वसुंधरा सेक्टर एक में पत्नी प्रिया शर्मा और साढ़े तीन साल की बेटी के साथ किराये के मकान में रहते हैं। शशांक और उनकी पत्नी प्रिया शर्मा दोनों ही दिल्ली के पोस्टल विभाग में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर तैनात हैं। प्रिया नौकरी में शशांक से एक साल जूनियर है।
जिम ट्रेने से शादी करना चाहती थी प्रिया
पुलिस के मुताबिक प्रिया वसुंधरा स्थित फिटनेस हैड क्वार्टर जिम में जिम करती है। यहां शामली के बझेड़ी गांव का रहने वाला प्रताप सिंह जिम ट्रेनर है। जांच में पता चला है कि जिम करने के दौरान प्रिया और जिम ट्रेनर में संबंध बन गए और दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। लेकिन उनके बीच में शशांक रोड़ा बने हुए थे।
शशांक को रास्ते से हटाने के लिए ही प्रताप सिंह ने सोमवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे घर में घुसकर शशांक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल शशांक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस हिरासत में दोनों आरोपी
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य का कहना है कि शशांक के स्वजन को घटना की सूचना दी गई है। उनके भाई ने थाने पहुंचकर तहरीर देने के लिए कहा है। शुरुआती जांच में जिम ट्रेनर व पत्नी के बीच संबंधों की बात सामने आई है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रिया के घर से निकलते ही घर में घुसा आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने मकान में लगे हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इससे पता चला कि प्रिया शर्मा रोजाना की तरह सुबह 5:27 बजे जिम के लिए निकली थी, उसने साजिश के तहत मकान के मेन गेट का ताला नहीं लगाया था। इसके तीन मिनट बाद ही आरोपित जिम ट्रेनर प्रताप सिंह घर में घुस आया।

यहां उसने साढ़े तीन साल की बेटी के साथ बेड पर सो रहे शशांक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए और शोर मचने पर मौके से भाग निकला। जांच में पता चला है कि प्रताप सिंह अविवाहित है।
हमले के बाद घर से बाहर भागा शशांक
हमले के दौरान शशांक बुरी तरह से घायल और लहूलुहान हो गए। उन्होंने हिम्मत दिखाकर बाहर भागकर जान बचाई और शोर मचाया। आरोपित ने उन्हें काबू करने का प्रयास किया लेकिन वह भागने में कामयाब हो गए। पिता को घायल देखकर बेटी ने भी शोर मचाया। मौके पर एकत्र भीड़ ने आरोपित को दबोच लिया।
उन्हें देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में प्रिया शर्मा ने प्रताप सिंह के साथ संबंधों से इन्कार किया है, लेकिन आरोपित प्रताप सिंह ने इसे कबूल किया है। घटना के बाद प्रिया की नोएडा निवासी बहन व जीजा थाने पहुंचे, इस दौरान पुलिस ने साढ़े तीन साल की बेटी को उनके सुपुर्द कर दिया।
शशांक की पहली और प्रिया की है दूसरी शादी
जांच में सामने आया है कि प्रिया शर्मा की पहली शादी दिल्ली में हुई थी। पहले पति के बेरोजगार होने के कारण विवाद के चलते प्रिया ने तलाक दे दिया था। इस दौरान वर्ष 2019 में प्रिया की पोस्टल विभाग में तैनाती हुई। यहां पहले से तैनात शशांक से प्रिया का प्रेम संबंध हो गया और उसने शशांक से दूसरी शादी कर ली, जबकि शशांक की यह पहली शादी है।
