करवाचौथ से पहले पत्नी का खूनी खेल, गाजियाबाद में जिम ट्रेनर प्रेमी ने पति को 12 बार घोंपा चाकू; दोनों गिफ्तार
करवाचौथ से पहले गाजियाबाद के वसुंधरा में एक सीनियर अकाउंटेंट पर उनकी पत्नी और जिम ट्रेनर प्रेमी ने जानलेवा हमला ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में जिम ट्रेनर और दिल्ली पुलिस के कर्मचारी की पत्नी। फोटो: गाजियाबाद पुलिस
HighLights
गाजियाबाद में पत्नी के प्रेमी ने पति पर चाकू से हमला किया।
करवाचौथ से पहले हुई घटना, पति गंभीर रूप से घायल।
पुलिस ने पत्नी और जिम ट्रेनर प्रेमी को गिरफ्तार किया।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। करवाचौथ से पहले गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-1 में पोस्टल विभाग के सीनियर अकाउंटेंट पर घर में घुसकर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने अपने प्रेमी जिम ट्रेनर के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
आरोप है कि जिम ट्रेनर ने घर में घुसकर शशांक कंथारिया पर चाकू से करीब 12 वार किए। हमले में गंभीर रूप से घायल शशांक अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने पत्नी प्रिया शर्मा और उसके प्रेमी प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बेटी के सामने पति को ताबड़तोड़ चाकू मारे
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-1 में पोस्टल विभाग के सीनियर अकाउंटेंट शशांक कंथारिया (35) पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, शशांक की पत्नी प्रिया शर्मा ने अपने प्रेमी और जिम ट्रेनर प्रताप सिंह के साथ मिलकर उनकी हत्या की साजिश रची थी। हमले के दौरान शशांक की साढ़े तीन साल की बेटी भी घर में थी।
आरोप है कि प्रताप सिंह सोमवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे शशांक के घर पहुंचा। वह घर में दाखिल हुआ और शशांक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगा।
पुलिस के मुताबिक, उसने शशांक के शरीर पर करीब 12 जगह चाकू से हमला किया। शशांक ने किसी तरह उसका मुकाबला किया और अपनी जान बचाकर घर से बाहर भाग निकले।
शोर सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने प्रताप सिंह को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल शशांक को अस्पताल में भर्ती कराया।
आठ महीने पहले जिम में ट्रेनर से हुई थी दोस्ती
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के अनुसार, शशांक कंथारिया मूलरूप से झांसी के रहने वाले हैं। वह अपनी पत्नी प्रिया शर्मा और साढ़े तीन साल की बेटी के साथ वसुंधरा सेक्टर-1 में रहते हैं। पति-पत्नी दोनों दिल्ली के पोस्टल विभाग में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर तैनात हैं।
पुलिस की पूछताछ में आरोपित जिम ट्रेनर प्रताप सिंह ने बताया कि प्रिया करीब आठ महीने से उसके जिम में आती थी। इसी दौरान दोनों की दोस्ती हुई और उनके बीच संबंध बन गए। दोनों शादी करना चाहते थे। वे अक्सर एक-दूसरे के फ्लैट पर मिलते थे।
पति को पता चला तो मकान बदलने का लिया फैसला
पुलिस के मुताबिक, शशांक को प्रिया और प्रताप के संबंधों के बारे में पता चल गया था। उन्होंने कई बार इसका विरोध किया। इस स्थिति से परेशान होकर शशांक ने दिवाली के बाद मकान बदलने का फैसला किया था।
पुलिस का कहना है कि इससे नाराज होकर प्रिया और प्रताप ने 25 अक्टूबर को सुबह जिम के दौरान शशांक की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि साजिश के तहत प्रताप सोमवार तड़के शशांक के घर पहुंचा।
इस दौरान प्रिया घर का दरवाजा बंद किए बिना कार से जिम चली गई। इसके बाद प्रताप घर में दाखिल हुआ और शशांक पर हमला कर दिया। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
गले पर घाव, जीभ भी कटी; सर्जरी के बाद फिर बेहोश
हमले में शशांक को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों के मुताबिक, उनके गले पर गहरे घाव हैं और जीभ भी कट गई है। बुधवार को उनकी सर्जरी की गई थी। इसी दिन उन्होंने कुछ देर के लिए आंखें खोलीं, लेकिन फिर बेहोशी की हालत में चले गए।
अस्पताल में उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार उनकी सेहत को लेकर चिंतित है।
पत्नी और जिम ट्रेनर गिरफ्तार, कोर्ट ने जेल भेजा
शशांक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने प्रिया शर्मा और प्रताप सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, हमले में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है। मामले में पत्नी और उसके प्रेमी पर पति की हत्या की साजिश रचने और जानलेवा हमला कराने के आरोप हैं।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़ में 1 लाख का इनामी बावरिया बदमाश 'टिड्डी' ढेर, 3 पुलिसकर्मी भी हुए घायल
