अगर अचानक कोई खटखटाए आपके घर का दरवाजा, तो हो जाएं सावधान! गाजियाबाद में वशीकरण कर महिला से लूटे...
साहिबाबाद के कड़कड़ मॉडल में एक युवक ने पानी मांगने के बहाने एक महिला से कथित तौर पर वशीकरण कर गहने और नकदी ठग लिए।

एक युवक ने महिला के घर का दरवाजा खटखटाया। इमेज एआई
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र स्थित कड़कड माडल में पानी मांगने के बहाने युवक ने घर का दरवाजा खुलवाया। युवक महिला के कान, गले और पैर के गहने व घर में रखी नकदी लेकर फरार हो गया।
महिला का आरोप है कि युवक ने उनका वशीकरण कर लिया। जिसके कारण उन्होंने स्वयं गहने व नकदी उसे दे दी। पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से जालसाज की तलाश में जुटी है।
औद्योगिक क्षेत्र कड़कड़ माडल निवासी रीता यादव ने बताया कि सात मई को दोपहर करीब 12 बजे वह घर पर थीं। तभी एक युवक ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया। युवक ने उन्हें बताया कि उनके पति ने उन्हें भेजा है। इसके बाद युवक ने उनसे पानी मांगा। वह पानी लेने चली गईं।
आरोप है कि इस दौरान युवक ने उनका वशीकरण कर लिया। युवक के कहने पर उन्होंने कान, गले और पैर में पहने गहने उतार कर उसे दे दिए। घर में रखा पर्स भी युवक को दे दिया। पर्स में छह हजार रुपये और डेबिट कार्ड था। उसके जाने के कुछ देर बाद उन्हें अपने किए कृत्य पर पछतावा हुआ।
उन्होंने पति को घटना की जानकारी दी। उनके साथ जाकर युवक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से युवक की तलाश की जा रही है। जल्द वारदात से पर्दाफाश किया जाएगा।
