सुधरेगा गाजियाबाद का ट्रैफिक सिस्टम, हापुड़ तिराहा होगा सिग्नल फ्री; मेरठ तिराहे पर भी बड़े बदलाव की तैयारी
गाजियाबाद यातायात पुलिस शहर के प्रमुख तिराहों और चौराहों पर यातायात को सुगम बनाने की तैयारी में है। हापुड़ तिराहे ...और पढ़ें

राजनगर आरडीसी के यहां बनेगा यू टर्न। जागरण
HighLights
हापुड़ तिराहे को सिग्नल फ्री करने की योजना
मेरठ तिराहे पर सिद्धार्थ विहार ट्रैफिक का मार्ग परिवर्तन
कई स्थानों पर नए यूटर्न बनाकर यातायात सुगम होगा
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। शहर में प्रमुख तिराहों और चौराहों पर यातायात सुगम करने के लिए यातायात पुलिस कुछ स्थानों पर यू-टर्न बनाने और सिग्नल फ्री व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है।
इनमें सबसे प्रमुख हापुड़ तिराहे को सिग्नल फ्री करना और मेरठ तिराहे पर सिद्धार्थ विहार से आने वाले ट्रैफिक को सीधे मेरठ रोड की बजाय जीटी रोड पर जाकर हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन के पास से यू-टर्न लेकर वापस मेरठ तिराहे पर निकालने की योजना बनाई जा रही है।
हापुड़ रोड पर कचहरी के पास बने एफओबी के पास एक कट भी बनाने की तैयारी है, जिससे कलेक्ट्रेट के सामने यू-टर्न पर दबाव कम हो सके।
हापुड़ तिराहे पर ट्रैफिक दबाव कम करने की योजना
यातायात पुलिस हापुड़ तिराहे पर वाहनों का दबाव कम करने और सुगम यातायात के लिए इसे सिग्नल फ्री करने की योजना बना रही है।
नए बस अड्डे की तरफ से फ्लाईओवर के नीचे से आने वाले वाहनों को सीधे घंटाघर की तरफ निकालने की बजाय हापुड़ रोड पर गुरुद्वारे की तरफ से यू-टर्न देकर वापस जीटी रोड पर लाया जाएगा।
जबकि घंटाघर से नए बस अड्डे की लेन पर ट्रैफिक मौजूदा समय की तरह चलेगा, लेकिन यहां ट्रैफिक सिग्नल नहीं होगा। हापुड़ रोड से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों को भी इससे लाल बत्ती पर नहीं रुकना पड़ेगा।
मेरठ तिराहे और सिद्धार्थ विहार में भी बदलाव की तैयारी
इसके अलावा सिद्धार्थ विहार में गंगाजल प्लांट के पास यू-टर्न बनाने की तैयारी है। जीटी रोड पर मेरठ तिराहे पर सिद्धार्थ विहार से आकर सीधे मेरठ रोड पर जाने वाले ट्रैफिक को सीधा भेजने की बजाय मोहन नगर की तरह निकाला जाएगा।
हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन के पास यू-टर्न लेकर वाहन मोहन नगर से आने वाले ट्रैफिक में मर्ज होगा।
आरडीसी के पास भी बन सकता है यू-टर्न
हापुड़ रोड पर आरडीसी के पास भी यू-टर्न बनाने की तैयारी है। इसके अलावा कुछ अन्य स्थानों पर भी ट्रैफिक पुलिस मौके पर निरीक्षण कर यातायात सुगम करने के लिए काम करेगी।
शहर में कुछ स्थानों पर ट्रैफिक सुचारू रखने के लिए योजना बनाई जा रही है। इसमें हापुड़ तिराहे को सिग्नल फ्री करने की योजना भी शामिल है। कुछ स्थानों पर यूटर्न बनाए जाएंगे।
- त्रिगुण बिसेन, डीसीपी ट्रैफिक
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में बेसिक शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही, बंद हो चुके स्कूल में अलॉट कर दी RTE दाखिले की सीट
