गाजियाबाद नगर निगम के 100 वार्ड होंगे रोशन, 1780 सोलर स्ट्रीट लाइट और 105 हाईमास्ट लगेंगे
गाजियाबाद नगर निगम शहर के सौ वार्डों में 1780 सोलर स्ट्रीट लाइटें और 105 सोलर हाईमास्ट लाइटें लगाएगा। यह पहल ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
गाजियाबाद में 1780 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
बिजली पोल रहित इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
105 सोलर हाईमास्ट लाइटें भी स्थापित की जा रही हैं।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। नगर निगम के सौ वार्डों में अब सोलर लाइट लगाई जाएंगी। उन इलाकों पर अधिक फोकस रहेगा जहां बिजली विभाग के पोल नहीं हैं। नगर निगम की ओर से शहर के अलग-अलग इलाकों में 1780 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम शुरू किया गया है।
इसके अलावा 105 सोलर हाईमास्ट लाइटें भी लगाई जा रही हैं। नगर निगम के प्रकाश विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में लाइटें लगनी शुरू हो गई हैं। प्रकाश विभाग की प्रभारी स्वप्निल जैन ने बताया कि पहले नगर क्षेत्र में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम नेडा की ओर से किया जाता था।
इस साल नगर निगम को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। इसके बाद निगम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू किया है। उन्होंने बताया कि सभी सोलर स्ट्रीट लाइटें 18 वॉट की हैं। इनसे रात के समय सड़कों और आसपास के इलाकों में रोशनी की व्यवस्था बेहतर होगी।
नहीं होगी अलग बिजली कनेक्शन की जरूरत
उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से 105 सोलर हाईमास्ट लाइटें भी लगाई जा रही हैं। इन लाइटों को भी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग स्थानों पर लगाया जा रहा है। खासतौर पर ऐसे स्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां बिजली विभाग के पोल उपलब्ध नहीं हैं।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सोलर स्ट्रीट लाइट पोल के साथ ही इंस्टॉल की जाती हैं। ऐसे में जिन स्थानों पर बिजली के पोल नहीं हैं, वहां सामान्य स्ट्रीट लाइट लगाने में परेशानी होती है। इन जगहों पर सोलर लाइट लगाने से अलग से बिजली के कनेक्शन की जरूरत नहीं होगी।
