गाजियाबाद में ई-वाहनों को मिलेगी राहत, सरकारी दफ्तरों में बनेंगे चार्जिंग स्टेशन
गाजियाबाद में प्रदूषण से निपटने और ई-वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सरकारी विभागों के प्रांगण में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

गाजियाबाद में ई-वाहनों को मिलेगी राहत ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
सरकारी विभागों के प्रांगण में बनेंगे ईवी चार्जिंग स्टेशन।
नगर निगम को बनाया गया नोडल एजेंसी, यूपीरेव करेगी निर्माण।
दिसंबर तक शहर में 20 नए चार्जिंग स्टेशन होंगे तैयार।
आदित्य त्रिपाठी, गाजियाबाद। सर्दियों में हर साल शहर को प्रदूषण का दंश झेलना पड़ता है। प्रदूषण को लेकर केंद्र से लेकर प्रदेश सरकार तक ई-व्हीकल को बढ़ावा दे रहे हैं।
ई-व्हीकल खरीदने वालों को वाहन चालकों के सामने में सबसे बड़ी समस्या उन्हें चार्ज करने की आती है। इस समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन जिले में अब सरकारी विभागों के प्रांगण में ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाने जा रहा है।
ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा
इसके लिए नगर निगम को नोडल एजेंसी बनाया गया है। नगर निगम का निर्माण विभाग सरकारी विभागों के प्रांगण में ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाएगा।
इसके लिए चार सरकारी विभाग के प्रांगणों का चयन भी कर लिया गया है। जल्द ही इनमें ईवी चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार हो जाएंगे।
नगर निगम ने अभी चार सरकारी विभागों के प्रांगण का चयन कर लिया है। इसमें नगर निगम का मुख्यालय, विकास भवन का प्रांगण, संयुक्त अस्पताल संजय नगर और विजय नगर के जोनल कार्यालय के प्रांगण में ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। यह चार्जिंग स्टेशन यूपी रेव कंपनी बना रही है।
इन स्टेशनों में पांच चार्जिंग के प्वाइंट होंगे। इनमें दो फास्ट और तीन स्लो चार्जिंग प्वाइंट होंगे। स्लो चार्जिंग प्वाइंटों पर दो पहिया वाहन और फास्ट चार्जिंग प्वाइंटों पर चोपहिया वाहन चार्ज किए जा सकेंगे।
दिसंबर तक तैयार हो जाएंगे 20 चार्जिंग स्टेशन
इन चार्जिंग स्टेशनों के अलावा नगर निगम शहर में 20 अन्य स्थानों पर भी ईवी चार्जिंग स्टेशन बना रहा है। इनमें से छह चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार हो गए हैं।
शेष 14 चार्जिंग स्टेशन दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएंगे। इनके बन जाने से ईवी के चालकों को काफी राहत मिलेगी।
- ये चार्जिंग स्टेशन हुए बनकर तैयार
- अग्रवाल स्वीट्स के पास राजेंद्र नागर
- नगर निगम की मल्टीलेवल पार्किंग
- हिंडन श्मशान पार्किंग साई उपवन
- नगर निगम के पास वाला पेट्रोल पंप
- ट्रांसफर स्टेशन के पास अकबरपुर-बहरामपुर
चार सरकारी विभागों के प्रांगणों का चयन कर लिया गया है। इनमें यूपीरेव कंपनी जल्द ही चार्जिंग स्टेशन बनाएगी। इसके अलावा नगर निगम के 20 चार्जिंग स्टेशन दिसंबर माह तक बनकर तैयार हो जाएंगे। इनमें से छह बनकर तैयार हैं।- एनके चौधरी, मुख्य अभियंता, नगर निगम
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में अब ड्रोन से होगा पानी का छिड़काव, प्रदूषण नियंत्रण के लिए नगर निगम की नई पहल
