ट्रांस हिंडन में स्मार्ट मीटर से 5,200 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित, उपभोक्ताओं का विरोध प्रदर्शन
ट्रांस हिंडन के वैशाली, वसुंधरा समेत कई इलाकों में स्मार्ट मीटर के कारण 5,200 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति रोक दी ...और पढ़ें

ट्रांस हिंडन के वैशाली, वसुंधरा समेत कई इलाकों में स्मार्ट मीटर के कारण 5,200 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति रोक दी गई। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उपभोक्ताओं की आफत बढ़ गई है। मीटर रिचार्ज न होने पर सोमवार को ट्रांस हिंडन के वैशाली और वसुंधरा समेत शालीमार गार्डन व अन्य इलाकों में 5,200 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति रोक दी गई।
लोग दिन भर अधिकारियों और बिजलीघर काल लगाते रहे लेकिन जवाब नहीं मिल सका। वैशाली सेक्टर-3 स्थित बिजलीघर पर कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया।
रात में भी लोग बिजलीघर पहुंचे और अधिकारियों से बात की। लोगों का आरोप था कि मैसेज पर आए बिल को जमा करने के बावजूद उनके घरों की आपूर्ति को विद्युत निगम ने रोका। कुछ लोगों का आरोप है कि रात भर उनके यहां बिजली की आपूर्ति नहीं हुई।
वैशाली सेक्टर-3एफ में 100 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति को बंद कर दिया गया। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि लोग दिन भर एक बिजलीघर से दूसरे बिजलीघर चक्कर लगाते रहे लेकिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुनवाई नहीं की। इसके बाद वैशाली सेक्टर-3 बिजलीघर पर लोगों ने प्रदर्शन कर रोष जाहिर किया।
इनमें राणा प्रताप सिंह, इंद्रा गुप्ता, तरुण गोयल, केसी गुप्ता, जयप्रकाश झा, भानु प्रताप सिंह, सुधीर नागर, देवेंद्र कुमार शामिल रहे। इसी तरह से वैशाली सेक्टर-2 ए-ब्लाक में भी कई घरों की बिजली गुल रही। इसके अलावा शालीमार गार्डन, कौशांबी समेत कई इलाकों के बिजली आपूर्ति बाधिक की गई।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि मैसेज पर जो बिल आया था, वो दो दिन पहले ही भरा गया है। इसके बावजूद उनके घर की बिजली आपूर्ति को रोक दिया गया है। वैशाली सेक्टर-3एफ निवासी अवधेश शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे आपूर्ति बंद की गई। इसके बाद शाम सात बजे तक बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं की गई।
लोगों के बिल जमा होने के बाद भी विद्युत निगम ने कार्रवाई की है। वसुंधरा में भी करीब 200 घरों में आपूर्ति बंद रहने की शिकायत लोगों ने की।
सर्वर रहा ठप, नहीं रिचार्ज हुआ मीटर
आपूर्ति रोकने के बाद जब कई लोगों ने अपने कनेक्शन पर रिचार्ज करना चाहा तो सर्वर ठप रहा। वसुंधरा निवासी राजेश अहलावत ने बताया कि पूरे दिन प्रयास करने के बाद भी विद्युत निगम के एप के जरिये बिल जमा नहीं हो सका। ऐसे में पूूरी रात अंधेरे में गुजारी।
स्मार्ट मीटर लगाया लेकिन नहीं दी जानकारी
स्मार्ट मीटर का कई जगह लोग विरोध भी कर रहे हैं लेकिन विद्युत निगम के अधिकारी सरकारी आदेश बताकर मीटर लगा रहे हैं। वैशाली निवासी पुष्पा सिंह ने बताया कि स्मार्ट मीटर संबंधी पूरी जानकारी विद्युत निगम ने लोगों को नहीं दी है।
मीटर पुराना बकाया क्लीयर न होने तक नहीं लगाया जाए। पुराने बकाया के नाम पर कार्रवाई कर दी जाती है। इस पर लोगों के मोबाइल पर रिचार्ज संबंधी जानकारी नहीं आती और एप पर अलग-अलग जगह अलग-अलग धनराशि प्रदर्शित होती है।
जिन घरों में बिजली आपूर्ति रोकी गई, उनमें से कई उपभोक्ताओं का छह से सात महीने का बकाया था। सभी का प्रीपेड बिल नेगेटिव में जा रहा था। उपभोक्ताओं को रिचार्ज कराने के लिए मोबाइल पर बिल भेजे जा रहे थे।
-अमित कुमार, अधिशासी अभियंता जोन-3
यह भी पढ़ें: पूर्वी दिल्ली में जाम का कोहराम: सेवाधाम रोड पर अतिक्रमण हटवाने की मांग तेज, पुलिस-निगम चुप
