विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद को मिलेगा जाम से छुटकारा, सेठ मुकुंदलाल से MMG अस्पताल तक रोड होगी सिग्नल-फ्री; बनेंगे यू-टर्न

Published: Sun, 20 Sep 2026 03:03 PM (IST)

गाजियाबाद में सेठ मुकुंदलाल चौराहे से एमएमजी अस्पताल तक 1.50 किलोमीटर सड़क का 9.78 करोड़ रुपये की लागत से सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

सेठ मुकुंदलाल चौराहे के सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास करते शहर विधायक संजीव शर्मा साथ में जीडीए के अधिकारी। जागरण

सेठ मुकुंदलाल चौराहे के सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास करते शहर विधायक संजीव शर्मा साथ में जीडीए के अधिकारी। जागरण

HighLights

  1. 1.50 किलोमीटर सड़क का 9.78 करोड़ से होगा सुदृढ़ीकरण

  2. यातायात को सिग्नल-फ्री बनाने के लिए बनेंगे यू-टर्न, स्लिप रोड

  3. पैदल यात्रियों के लिए आधुनिक फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट का सौंदर्यीकरण

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। शहर के प्रमुख व्यस्त मार्गों में शामिल सेठ मुकुन्दलाल चौराहे से ठाकुरद्वारा तिराहे होते हुए एमएमजी अस्पताल तक करीब 1.50 किलोमीटर मार्ग की सूरत बदलेगी। मार्ग के सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण पर 9.78 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसमें 3.94 करोड़ और 5.84 करोड़ रुपये के दो कार्य शामिल हैं। शनिवार को शहर विधायक संजीव शर्मा ने जीडीए द्वारा तैयार की गई इस योजना का शिलान्यास किया। योजना से इस मार्ग पर यातायात को सिग्नल-फ्री और जाम से राहत मिलेगी।

इसके लिए आवश्यक स्थानों पर बैक-टू-बैक यू-टर्न और सिंगल यू-टर्न बनाए जाएंगे। इससे वाहनों को सुरक्षित तरीके से मोड़ने की सुविधा मिलेगी और मुख्य मार्ग पर अनावश्यक रुकावट कम होगी।

परियोजना में सड़क चौड़ीकरण के साथ पैदल यात्रियों के लिए आधुनिक फुटपाथ बनाए जाएंगे। ग्रीन बेल्ट का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और जरूरत के अनुसार स्लिप रोड विकसित की जाएगी। मार्ग पर आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाने के साथ सड़क की स्पष्ट लाइनिंग भी की जाएगी।

वाहनों की गति नियंत्रित रखने के लिए टेबल-टाप स्पीड ब्रेकर भी बनाए जाएंगे। इस मौके पर चीफ इंजीनियर आलोक रंजन, स्थानीय पार्षद राजीव शर्मा, एई पीयूष सिंह और व्यापार मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हजारों वाहन चालकों को मिलेगी राहत

सेठ मुकुन्दलाल चौराहा, ठाकुरद्वारा तिराहा और एमएमजी अस्पताल के आसपास प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों और राहगीरों की आवाजाही होती है। मार्ग के व्यवस्थित होने से यहां यातायात संचालन बेहतर होने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।

यू-टर्न और स्लिप रोड के जरिए वाहनों के टकराव वाले बिंदुओं को कम करने पर भी जोर दिया गया है। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी राहत मिलेगी।

प्रस्तावित प्रमुख विकास कार्य

  • दोनों मुख्य चौराहों-तिराहों को पूरी तरह से सिग्नल-फ्री करने
  • सेठ मुकुंदलाल चौराहे से 200 मीटर आगे बैक-टू-बैक यू-टर्न का निर्माण
  • नवयुग मार्केट के आवागमन के लिए सिंगल यू-टर्न तथा दिल्ली गेट के पास एक अन्य यू-टर्न
  • सड़कों का चौड़ीकरण और यातायात को व्यवस्थित करने के लिए 12 मीटर की स्लिप रोड का निर्माण
  • आधुनिक स्ट्रीट लाइट, टेबल-टाप स्पीड ब्रेकर, स्पष्ट सड़क मार्किंग और हरित पट्टी का सुंदरीकरण
  • हापुड़ रोड तथा एमएमजी हास्पिटल तक जाने वाली सभी लिंक गलियों का पूर्ण सुदृढ़ीकरण व सुंदरीकरण

यह भी पढ़ें- सोलर पैनल वालों की बल्ले-बल्ले, अब सीधे पड़ोसी को बेच सकेंगे एक्स्ट्रा बिजली; UP में लागू होगा नया सिस्टम