गाजियाबाद के दो चौराहों से खत्म होगा जाम, ट्रैफिक सुधार के लिए GDA ने बनाया प्लान; अगले माह शुरू होगा काम
गाजियाबाद में यातायात दबाव कम करने और सौंदर्यीकरण के लिए जीडीए दो प्रमुख चौराहों - सेठ मुकुंदलाल चौराहा और ठाकुरद्वारा तिराहे - का कायाकल्प करेगा।

गाजियाबाद के दो चौराहों को ट्रैफिक का दबाव खत्म होगा। फोटो: आर्काइव
HighLights
सेठ मुकुंदलाल चौराहा और ठाकुरद्वारा तिराहा होंगे विकसित
अगले माह से शुरू होगा चौराहों के कायाकल्प का कार्य
एलईडी लाइटिंग, हरित पट्टियां और सुरक्षित पैदल क्राॅसिंग बनेगी
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए जीडीए ने प्रमुख चौराहों के कायाकल्प की तैयारी शुरू कर दी है। पहले चरण में सेठ मुकुंदलाल चौराहा और ठाकुरद्वारा तिराहे को विकसित किया जाएगा।
दोनों स्थानों के वर्तमान ढांचे में बदलाव के साथ यातायात प्रवाह को सुचारु बनाने और सौंदर्यीकरण के कार्य प्रस्तावित हैं। काम अगले माह से शुरू कराने की तैयारी है।
शहर के इन दोनों प्रमुख स्थानों पर दिनभर वाहनों का दबाव रहता है। आसपास के बाजार और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण पीक आवर में जाम की स्थिति बनती है। इसे देखते हुए जीडीए ने चौराहों की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव करने का निर्णय लिया है।
अधिकारियों के मुताबिक परियोजना को कई चरणों में आगे बढ़ाया जाएगा। प्रस्तावित कार्य में चौराहों की ज्यामेट्री में सुधार किया जाएगा। इससे वाहनों के आवागमन के लिए बेहतर स्पेस मिलेगा और अनावश्यक कट व टकराव वाले बिंदुओं को दुरुस्त किया जा सकेगा।
सड़कों को भी मजबूत किया जाएगा, जिससे भारी वाहनों के लगातार दबाव का असर कम हो। यातायात सुरक्षा के लिहाज से आवश्यक संकेतक और अन्य व्यवस्थाएं भी विकसित की जाएंगी।
एलईडी लाइटिंग और हरित पट्टियों से बढ़ेगा आकर्षण
कायाकल्प के तहत दोनों चौराहों पर आधुनिक एलईडी लाइटिंग, आकर्षक डिजाइन और हरित पट्टियां विकसित की जाएंगी। इसके अलावा पैदल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित क्राॅसिंग और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
परियोजना को तय तकनीकी मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ चौराहों का स्वरूप भी बेहतर नजर आएगा।
- आलोक रंजन, मुख्य अभियंता
यह भी पढ़ें- कभी भी गिर सकती हैं गाजियाबाद की 129 इमारतें, दिल्ली में सत्य निकेतन हादसे के बाद भी सो रहा नगर निगम
