विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में हिंडन एलिवेटेड रोड के दूसरे छोर पर भी बनेगा 'राम सेतु द्वार', हटाई जाएगी भगवान राम की प्रतिमा

Published: Fri, 16 Oct 2026 12:02 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुझाव पर गाजियाबाद के हिंडन एलिवेटेड रोड पर यूपी गेट की ओर एक और भव्य राम सेतु द्वार बनाया जाएगा।

एलिवेटेड राेड के दूसरे छोर पर बनेगा राम सेतु द्वार। फोटो: आर्काइव

एलिवेटेड राेड के दूसरे छोर पर बनेगा राम सेतु द्वार। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. मुख्यमंत्री के सुझाव पर दूसरा राम सेतु द्वार बनेगा

  2. रोटरी गोल चक्कर से हटेगी श्रीराम की 22 फीट प्रतिमा

  3. यूपी गेट पर प्रतिमा और छतरी पर 37 लाख खर्च

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। हिंडन एलिवेटेड रोड पर यूपी गेट की ओर राम सेतु द्वार बनने के बाद अब रोटरी गोल चक्कर के पास भी इसी तरह का भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुझाव के बाद नगर निगम ने इसकी तैयारी शुरू की है। नए द्वार के निर्माण के लिए गोल चक्कर पर स्थापित भगवान श्रीराम की 22 फीट ऊंची प्रतिमा को हटाना पड़ेगा।

निर्माण कार्य पूरा होने के बाद श्रीराम की प्रतिमा एलिवेटेड रोड के दोनों छोर पर लगाई जाएगी।

ghaziabad

दूसरे छोर पर भी बनेगा राम सेतु द्वार

यूपी गेट की ओर करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए राम सेतु द्वार पर भगवान श्रीराम का धनुष-बाण रूप प्रमुख आकर्षण है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली आने-जाने के दौरान हिंडन एयरपोर्ट से एलिवेटेड रोड का इस्तेमाल करते हैं। इसी मार्ग से गुजरते समय उन्होंने यूपी गेट की ओर बने द्वार की सराहना करते हुए दूसरे छोर पर भी ऐसा ही प्रवेश द्वार बनाने का सुझाव दिया था।

इसके बाद नगर निगम ने रोटरी गोल चक्कर के पास निर्माण की योजना पर काम शुरू किया है। दूसरे छोर पर रोटरी गोल चक्कर के पास नगर निगम ने भगवान श्रीराम की 22 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित कराई थी।

कांवड़ यात्रा के दौरान इसका अनावरण किया गया था। अब इसी स्थान पर राम सेतु द्वार बनाने की तैयारी है। द्वार का आधार तैयार करने के लिए मौजूदा जगह खाली करानी होगी।

इसके लिए प्रतिमा को हटाकर पास के किसी पार्क में लगाने की योजना है।

यूपी गेट पर प्रतिमा और छतरी लगाने की तैयारी

रोटरी गोल चक्कर पर द्वार बनने के साथ ही दिल्ली की ओर गाजीपुर के पास स्थित यूपी गेट वाले प्रवेश द्वार पर भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

नगर निगम के मुख्य अभियंता एनके चौधरी के मुताबिक, प्रतिमा स्थापित करने पर लगभग 29 लाख रुपये और उसके ऊपर छतरी लगाने पर करीब आठ लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

इस तरह दोनों कार्यों पर कुल 37 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- शुक्रवार को गाजियाबाद आएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, इंदिरापुरम स्थित 40 एमएलडी क्षमता वाले टीएसटीपी का करेंगे निरीक्षण