विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में 'रन फॉर अखंड भारत' से राष्ट्रप्रेम का संदेश, राहुल यादव बने रणजी कोच

Published: Mon, 19 Oct 2026 11:11 AM (IST)

गाजियाबाद में क्रीड़ा भारती और अखंड भारत मिशन ने 'रन फॉर अखंड भारत' मैराथन का आयोजन किया, जिसमें धावकों ने राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

गाजियाबाद में 'रन फॉर अखंड भारत' से राष्ट्रप्रेम का संदेश ( फोटो स्रोत : जागरण )

गाजियाबाद में 'रन फॉर अखंड भारत' से राष्ट्रप्रेम का संदेश ( फोटो स्रोत : जागरण )

शाहनवाज अली, गाजियाबाद। क्रीड़ा भारती महानगर और अखंड भारत मिशन के संयुक्त तत्वावधान में रन फॉर अखंड भारत का आयोजन किया गया।

मैराथन में काफी संख्या में धावकों ने प्रतिभाग कर अंत्योदय से राष्ट्रोदय, राष्ट्रीय एकता और खेल भावना का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्रीड़ा भारती अध्यक्ष और अखंड भारत मिशन संस्थापक रोटेरियन अश्विनी शर्मा ने की।

भानु सचदेवा रहे मुख्य वक्ता

अर्जुन अवार्डी व क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भानु सचदेवा बतौर मुख्य वक्ता रहे। फ्लैग ऑफ रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित गुप्ता और पुरस्कार वितरण भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने किया।

संत सुनील कौशल, नवनीत प्रिय दास और स्वामी आरोग्य देव का सान्निध्य रहा। संयोजन डॉ. शशि श्रीवास्तव ने किया। विशिष्ट सहयोगी सदानंद पांडे, नितिन चड्ढा, एंटीलिया निदेशक निखिल कुमार रहे।

रोटरी क्लब ने एलएमटी खो-खो क्रीड़ा केंद्र और प्रशिक्षक रोहित कुमार को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।

हेड कोच बने राहुल

दिल्ली के रणजी ट्राफी खिलाड़ी राहुल यादव को अरुणाचल प्रदेश रणजी ट्राफी टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया है। गाजियाबाद के रहने वाले राहुल की इस नियुक्ति से स्थानीय क्रिकेटरों ने हर्ष जताया है।

घरेलू क्रिकेट के अनुभव के बाद अब वह बतौर मुख्य कोच अरुणाचल की टीम के साथ नई पारी शुरूआत करेंगे। उनके मार्गदर्शन में टीम के बेहतर प्रदर्शन और युवा प्रतिभाओं को निखारने की उम्मीद है।

पांच विकेट से विजयी

वीआरसीए ग्राउंड में आयोजित अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट का लीग मैच वसुंधरा रेंजर्स और वेदांत अकादमी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वसुंधरा रेंजर्स ने सभी विकेट खोकर 155 रन बनाए, जिसमें वासु ने 66 रन की पारी खेली।

अद्विक ने चार और दक्ष ने तीन व दिवांक ने दो विकेट लिए। जवाब में वेदांत अकादमी ने पांच विकेट पर 157 रन बनाकर मैच पांच विकेट से जीत लिया।अद्विक ने 103 रन की पारी खेली। उनके हरफनमौला खेल की बदौलत उन्हें मैन आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

यह भी पढ़ें- घर लौटने वाले प्रवासियों की बढ़ी मुश्किलें, अहमदाबाद-सहरसा एक्सप्रेस में सीटें फुल; पटना रूट पर स्पेशल ट्रेन नहीं