शिखर एन्क्लेव के जर्जर भवनों की अनदेखी पर निवासियों में रोष, मरम्मत की मांग
आवास विकास परिषद द्वारा सिद्धार्थ विहार में जर्जर भवनों की मरम्मत शुरू होने के बाद वसुंधरा के शिखर एन्क्लेव निवासियों ने अपने यहां अनदेखी पर नाराजगी जताई है।

शिखर एन्क्लेव की हालत खराब।
HighLights
सिद्धार्थ विहार में जर्जर भवनों की मरम्मत कार्य शुरू।
शिखर एन्क्लेव निवासियों ने अनदेखी पर नाराजगी जताई।
आवास आयुक्त से तत्काल मरम्मत कार्य पूरा करने की मांग।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। आवास विकास परिषद ने सिद्धार्थ विहार स्थित गंगा-यमुना-हिंडन अपार्टमेंट में जर्जर भवन और छज्जों की मरम्मत का काम शुरू कराया है, इस वसुंधरा सेक्टर-15 की पर शिखर एन्क्लेव सोसायटी के निवासियों ने अनदेखी का आरोप लगाया है।
लोगों का कहना है कि सोसायटी में फ्लैट खराब हालत में हैं और कई बार शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने काम नहीं कराया। इसको लेकर आवास आयुक्त को लोगों ने पत्र भेजा है।
सोसायटी में रहने वाले संदीप गुप्ता ने प्रमुख सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को पत्र भेजकर सवाल उठाया है कि जब परिषद अपनी सिद्धार्थ विहार परियोजना में जर्जर भवनों की मरम्मत करा रही है, तो उसी परिषद द्वारा निर्मित शिखर एन्क्लेव में वर्षों से लंबित भवन मरम्मत और फाइनल पेंट का कार्य अब तक क्यों शुरू नहीं कराया गया।
'सिद्धार्थ विहार की तर्ज पर हो शिखर एन्क्लेव का कायाकल्प'
पत्र में कहा गया है कि परिषद के अधिकारी पूर्व में शिखर एन्क्लेव के बाहरी भवनों की मरम्मत एवं रंगाई-पुताई, यूजीआर इलेक्ट्रिक पैनल के लिए सुरक्षित कक्ष निर्माण, पार्किंग समस्या और अन्य लंबित विकास कार्यों पर कार्रवाई प्रस्तावित होने की बात लिखित रूप से स्वीकार कर चुके हैं, लेकिन तीन वर्ष बाद भी कई कार्य अधूरे हैं।
उन्होंने शासन से सिद्धार्थ विहार की तर्ज पर शिखर एन्क्लेव का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराकर जर्जर हिस्सों की मरम्मत, फाइनल पेंट एवं अन्य लंबित विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराने और बिंदुवार एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) उपलब्ध कराने की मांग की है।
