विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वर्षा के बाद ट्रांस हिंडन में बिजली संकट, घंटों गुल रही बत्ती; लोग परेशान

Published: Fri, 11 Sep 2026 08:13 PM (IST)

वर्षा के बाद साहिबाबाद के ट्रांस हिंडन क्षेत्र में कई इलाकों में तीन से चार घंटे बिजली गुल रही, जिससे लोगों को परेशानी हुई।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. वर्षा के बाद ट्रांस हिंडन क्षेत्र में कई घंटों तक बिजली गुल रही।

  2. स्थानीय निवासियों ने लगातार बिजली कटौती और जर्जर तारों की शिकायत की।

  3. विद्युत निगम ने वर्षा के कारण एहतियाती शटडाउन लेने की बात कही।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बाद हुई वर्षा से तीन से चार घंटे कई इलाकों में बिजली कटौती की गई। लोगों का आरोप है कि कई दिन से लगातार बिजली कटौती की जा रही है।

अधिकारी फॉल्ट बताते हैं जबकि मेंटनेंस का कार्य कराने का दावा हर बार किया जाता है। जर्जर तारों से ट्रिपिंग की समस्या भी सामने आ रही है।

वैशाली के अलग-अलग सेक्टर में बृहस्पतिवार रात तीन घंटे बिजली गुल रही। स्थानीय निवासी आशु अरोड़ा ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे बिजली गुल होने पर करीब ढाई बजे तक नहीं आई।

देर रात बिजली कटौती से होती हैं ये परेशानियां

देर रात में बिजली गुल होने से नींद खराब होती है। सेक्टर-3 निवासी भावना ने बताया कि सुबह के समय भी बिजली कटौती की जाती है। इससे घरों में पानी नहीं भर पता है।

इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, शालीमार गार्डन में तीन से चार घंटे शुक्रवार को कटौती की गई। दोपहर में वर्षा के बाद उमस लोगों को झेलनी पड़ी।

इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी सतीश ने बताया कि पिछले दो महीने से कॉलोनी में बिजली की समस्या अधिक बनी हुई है। इसके अलावा वसुंधरा सेक्टर-11 में भी शुक्रवार को दिन में ट्रिपिंग होने से लोग परेशान रहे।

दिन में चार-पांच बार होती है ट्रिपिंग

स्थानीय निवासी रंजीत ने बताया कि वसुंधरा में तार लटके हुए हैं और दिन में चार से पांच बार 15 से 20 मिनट के लिए ट्रिपिंग होती है।

विद्युत निगम जोन-3 के मुख्य अभियंता बृजेश कुमार ने वर्षा के चलते एहतियात के तौर पर शटडाउन लिया गया था। इसके बाद आपूर्ति सुचारू रही। आपूर्ति प्रभावित रहने वाले क्षेत्रों से संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है।