गाजियाबाद में आशियाना बनाने का मौका, मधुबन बापूधाम में GDA नीलाम करेगा प्लॉट; 25 सितंबर तक करें आवेदन
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम योजना में खाली पड़े 25 बड़े भूखंडों की नीलामी 30 सितंबर को हिंदी भवन सभागार में ...और पढ़ें

मधुबन बापूधाम में जीडीए प्लाॅट्स की नीलामी करेगा। पोटो: आर्काइव
HighLights
मधुबन बापूधाम में 25 बड़े भूखंडों की नीलामी 30 सितंबर को
इनमें 12 ग्रुप हाउसिंग के भूखंड, 5 से 37 हजार वर्गमीटर
इच्छुक बोलीदार 25 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम योजना में खाली पड़े बड़े भूखंड अब विकास की रफ्तार बढ़ाने के साथ जीडीए के लिए आय का जरिया भी बनेंगे। प्राधिकरण ने योजना के 25 बड़े भूखंडों को नीलामी के लिए शामिल किया है।
इनमें सबसे अधिक 12 भूखंड ग्रुप हाउसिंग के हैं। इनका क्षेत्रफल करीब पांच हजार से 37 हजार वर्गमीटर तक है। इच्छुक बोलीदार 30 सितंबर को हिंदी भवन में बोली लगाकर भूखंड खरीद सकेंगे।
नीलामी में शामिल भूखंड मधुबन बापूधाम योजना के ए पाकेट से लेकर सी पॉकेट तक स्थित हैं। ग्रुप हाउसिंग के अलावा मिक्स लैंड यूज, होटल, फैसलिटी, हाईस्कूल और डिग्री कालेज सहित विभिन्न उपयोग के भूखंड भी नीलामी में शामिल किए गए हैं।
जीडीए अधिकारियों के मुताबिक योजना को विकसित करने के लिए रिक्त भूखंडों का उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। नीलामी में शामिल होने के इच्छुक लोगों को 25 सितंबर तक आनलाइन या आफलाइन आवेदन करना होगा।
निर्धारित तिथि के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। केवल आवेदन करने वाले व्यक्ति ही 30 सितंबर को होने वाली नीलामी में भाग ले सकेंगे। नीलामी में शामिल बोलीदारों को सुबह 10 बजे हिंदी भवन पहुंचना होगा। यहां संबंधित भूखंडों के लिए बोली लगाई जाएगी।
बड़े भूखंडों पर रहेगी नजर
मधुबन बापूधाम योजना में ग्रुप हाउसिंग के बड़े भूखंड नीलामी में शामिल होने से बिल्डरों और निवेशकों की नजर इस पर रहेगी। पांच हजार से 37 हजार वर्गमीटर तक के भूखंडों पर आवासीय परियोजनाओं के साथ अन्य अनुमन्य गतिविधियों को विकसित किया जा सकेगा। इससे योजना में निर्माण गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।
इस बार मधुबन बापूधाम योजना के बड़े भूखंड नीलामी में शामिल किए गए हैं। इच्छुक लोग 25 सितंबर तक आवेदन कर नीलामी में शामिल हो सकते हैं। सबसे अधिक बोली लगाने वाले बोलीदार को नियमानुसार भूखंड आवंटित किया जाएगा।
- प्रदीप कुमार सिंह, अपर सचिव, जीडीए
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों को राहत, गाजियाबाद में ट्रैफिक ब्लॉक स्थगित; अब पुराने रूट पर चलेंगी नंदा देवी-छत्तीसगढ़ समेत 7 ट्रेनें
