विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बारिश के बाद भी गाजियाबाद में रामलीला का मंचन जारी, आस्था ने जलभराव को हराया

Published: Tue, 13 Oct 2026 12:54 PM (IST)

गाजियाबाद में बारिश के कारण रामलीला मैदानों में हुए जलभराव के बावजूद आयोजकों ने कड़ी मशक्कत से व्यवस्थाएं सुधारीं।

बारिश के बाद भी गाजियाबाद में रामलीला का मंचन जारी ( एआई जेनरेटेड इमेज )

बारिश के बाद भी गाजियाबाद में रामलीला का मंचन जारी ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. बारिश से रामलीला मैदानों में हुआ जलभराव।

  2. आयोजकों ने पंप लगाकर पानी निकाला, मैदान दुरुस्त किए।

  3. श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार, जय श्रीराम के जयकारे गूंजे।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। बारिश से रामलीला मैदानों में हुए जलभराव ने आयोजकों के सामने चुनौती खड़ी कर दी। लेकिन, इससे राम भक्तों के हौसले पस्त नहीं हुए।

दिनभर मैदानों से पानी निकालने और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे आयोजकों की मेहनत रंग लाई। रात होते-होते रामलीला मंचन शुरू हुआ, तो मैदानों में फिर भक्ति का माहौल नजर आया।

कम नहीं हुआ श्रद्धालुओं का उत्साह

कहीं पानी निकासी के लिए पंप लगाए गए तो कहीं मिट्टी और बालू डालकर मैदान को चलने लायक बनाया गया। जलभराव और फिसलन की चुनौती के बावजूद रामलीला का मंचन जारी रहने से श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ।

राजनगर एक्सटेंशन, विजय नगर, घंटाघर, समेत शहर के रामलीला मैदानों में वर्षा के बाद जलभराव की स्थिति बनी थी। इसे देखते हुए आयोजक दिनभर व्यवस्थाएं सुधारने में जुटे रहे।

मैदानों को किया गया दुरूस्त 

सभी रामलीला मैदान में नगर निगम के सहयोग से पानी निकालने के लिए पंप लगाए गए और मैदान को दुरुस्त करने के लिए मिट्टी व बालू डाली गई।

मंच के आसपास ज्यादा श्रद्धालुओं के लिए जगह को ज्यादा सुरक्षित बनाया गया, जिससे निर्धारित समय पर लीला का मंचन कराया जा सके। राजनगर एक्सटेंशन रामलीला मैदान में सुरक्षा के मद्देनजर बच्चों के झूलों का संचालन बंद रखा गया।

मुश्किलों के बीच बरकरार रहा राम भक्तों का उत्साह

मैदानों में जलभराव के बाद आयोजकों की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ मंचन जारी रखना रही। दिनभर की मशक्कत के बाद रात में जब रामलीला के प्रसंग मंच पर जीवंत हुए तो वातावरण जय श्रीराम के जयकारों और भक्ति से गूंज उठा।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से फिसलन वाले स्थानों पर सावधानी बरतने और छोटे बच्चों को संभालकर रखने की अपील की।

वर्षा से पैदा हुई परेशानी के बावजूद रामलीला का मंचन जारी रहने से आस्था, सहयोग और आयोजन समितियों की सक्रियता की तस्वीर सामने आई।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में ई-वाहनों को मिलेगी राहत, सरकारी दफ्तरों में बनेंगे चार्जिंग स्टेशन