ट्रांस हिंडन में आफत की बारिश: शालीमार गार्डन और इंदिरापुरम जलमग्न, सड़कों पर कूड़ा और दुर्गंध से लोग बेहाल
बारिश के कारण ट्रांस हिंडन क्षेत्र में जगह-जगह जलभराव हो गया, जिससे शालीमार गार्डन और इंदिरापुरम जैसे इलाकों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शालीमार गार्डन में भरा वर्षा का पानी। जागरण
HighLights
ट्रांस हिंडन में वर्षा से शालीमार गार्डन, इंदिरापुरम में जलभराव।
सड़कों पर कूड़ा फैलने से दुर्गंध और यातायात बाधित हुआ।
जल निकासी की समस्या से स्थानीय लोग परेशान, शिकायतें अनसुनी।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन में शुक्रवार को वर्षा से ही जगह-जगह जलभराव हो गया। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को जलभराव से जूझना पड़ा। साथ ही वर्षा के दौरान सड़कों पर वाहनों का दबाव भी रहा।
लोगों को पांच मिनट का सफर तय करने में 15 से 20 मिनट लग गए। वहीं, वर्षा के बाद गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली।
ट्रांस हिंडन के शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-वन, इंदिरापुरम के काला पत्थर रोड, न्याय खंड-एक साईं मंदिर के पास, अर्थला रेलवे अंडरपास आदि में क्षेत्रों में जलभराव हो गया।
कुछ देर में ही एक से डेढ़ फीट भारी भर गया। इससे यहां से गुजरने वाले हजारों लोगों को परेशानी हुई। सबसे ज्यादा परेशानी पैदल चलने वाले राहगीरों को उठानी पड़ी। लोगों को पानी में घुसकर ही आना-जाना करना पड़ा।
जलभराव से कड़ा भी सड़कों पर फैला
कुछ इलाकों में जलभराव के कारण कूड़ा भी सड़कों पर आ गया। इससे दुर्गंध फैल गई। शालीमार गार्डन राधा कृष्ण मार्ग पर जलभराव से कई वाहन भी खराब हुए। इसके अलावा बी-ब्लाक में भी जलभराव से लोग परेशान रहे।
स्थानीय निवासी राकेश कुमार ने बताया कि यहां हल्की वर्षा होते ही सड़कों पर पानी भर जाता है। इसे निकलने में दो से तीन दिन लग जाते हैं। नगर निगम में निकासी को लेकर तमाम शिकायतें की गईं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
मुख्य मार्गों पर वाहनों का रहा दबाव
वर्षा से मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव भी रहा। इससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दो से तीन गुना समय लग गया। जीटी रोड, कनावनी पुलिया, सौर ऊर्जा मार्ग, एनएच-नौ, साहिबाबाद रेलवे मार्ग आदि मार्गों पर वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी।
