विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IGI एयरपोर्ट के T3 पर भरा पानी, 9 फ्लाइट डायवर्ट; दो घंटे की बारिश में डूबी दिल्ली

Published: Fri, 04 Sep 2026 05:50 PM (IST)Updated: Fri, 04 Sep 2026 08:34 PM (IST)

जन्माष्टमी पर दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर नौ उड़ानें डायवर्ट हुईं और 400 से अधिक ...और पढ़ें

HighLights

  1. दिल्ली एयरपोर्ट पर नौ उड़ानें डायवर्ट, 400 से अधिक देरी।

  2. टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट में भारी जलभराव से यात्री परेशान।

  3. दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जन्माष्टमी पर दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। शुक्रवार दोपहर राजधानी में हुई भारी बारिश का असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGIA) पर भी पड़ा।

खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कम से कम नौ उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि 400 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं। वहीं, एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट में भारी जलभराव से यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जयपुर, लखनऊ और अहमदाबाद डायवर्ट की गईं उड़ानें

एयरपोर्ट के एक अधिकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम 3:30 बजे से 4:30 बजे के बीच खराब मौसम के चलते नौ उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। इनमें चार उड़ानों को जयपुर और चार को लखनऊ भेजा गया, जबकि एक उड़ान को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया।

water igi

भारी बारिश और खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को 400 से अधिक उड़ानें देरी से चलीं।

टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट में भरा पानी

बारिश के बाद दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट में भी जलभराव हो गया। स्थिति यह रही कि यात्रियों को करीब आधे घंटे तक पानी कम होने का इंतजार करना पड़ा, ताकि वे आगमन द्वार की ओर आगे बढ़ सकें। जलभराव के कारण यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई और उन्हें पानी के बीच से होकर गुजरने में परेशानी हुई।

WhatsApp Image 2026-09-04 at 17.43.25

एयरपोर्ट पर काम करने वाले लोगों ने भी जलभराव को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि कई वर्षों से एयरपोर्ट पर काम करने के बावजूद उन्होंने यहां इस तरह पानी जमा होते पहले नहीं देखा। इससे एयरपोर्ट की छवि पर भी सवाल उठने की आशंका जताई गई।

लोगों ने जलभराव के पीछे ड्रेनेज या सीवर में रुकावट की आशंका जताते हुए पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और भविष्य में ऐसी स्थिति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत बताई।

दिल्ली-NCR में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

अगले तीन घंटों में दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर 50 से 100 मिलीमीटर तक भारी बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान बिजली कड़कने के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्टों में शामिल IGIA पर रोजाना 1,300 से अधिक फ्लाइट मूवमेंट होते हैं। ऐसे में खराब मौसम के कारण उड़ानों के प्रभावित होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- IMD का ऑरेंज अलर्ट: दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, जन्माष्टमी पर कूल-कूल हुआ मौसम

यह भी पढ़ें- जालौन में बारिश से रपटा डूबे, कई गांवों में गिरे कच्चे घर; निचले इलाकों में जलभराव से लोग परेशान