विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में अपराधियों से जब्त अफीम से बनाई जाएगी दवा, मादक पदार्थों को कराया गया नष्ट

Published: Thu, 11 Jun 2026 07:44 AM (IST)

गाजियाबाद पुलिस ने 63 मामलों से जुड़े 16,378 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थों को नष्ट किया। वहीं, 4.206 किलोग्राम अफीम को दवा बनाने के लिए गाजीपुर भेजा गया।

सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI Generated

सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI Generated

HighLights

  1. 16,378 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ नष्ट किए गए।

  2. 4.206 किलोग्राम अफीम दवा बनाने गाजीपुर भेजी गई।

  3. नंदग्राम थाने से 15,735 लीटर कफ सिरप नष्ट हुआ।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। थानों के मालखानों में वर्षों से जमा नशीले पदार्थों का बुधवार को निस्तारण किया गया। पुलिस ने 63 केसों से जुड़े अपराधियों से बरामद 16,378.079 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया।

इनमें चरस, गांजा, डोडा, हेरोइन, स्मैक, नशीला पाउडर, नशीली गोलियां, कोडीन युक्त कफ सिरप जैसे मादक शामिल हैं। वहीं, अपराधियों से बरामद 4.206 किलोग्राम अफीम को सरकारी अफीम कारखाना गाजीपुर भेजा गया। यहां अफीम का उपयोग औषधि बनाने में किया जाएगा।

पुलिस आयुक्त द्वारा उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी और नगर, ग्रामीण और ट्रांस हिंडन जोन स्तर पर अलग-अलग ड्रग डिस्पोजल कमेटियों का गठन किया गया। इन कमेटियों में अपर पुलिस आयुक्त अपराध, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात सहित अन्य अधिकारियों को शामिल किया गया।

कमेटियों ने न्यायालयों, विभागाध्यक्षों, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति और अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद निस्तारण की प्रक्रिया पूरी कराई। मादक पदार्थों को नष्ट करने की पूरी प्रक्रिया धौलाना स्थित अधिकृत बायो मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट एवं डिस्पोजल केंद्र में संपन्न कराई गई।

उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी, जोन स्तरीय समितियों के सदस्य, नारकोटिक्स सेल के अधिकारी और संबंधित थानों के प्रभारी मौजूद रहे। सभी मादक पदार्थों को नष्ट निर्धारित मानकों और पर्यावरणीय नियमों के अनुसार किया गया।सबसे अधिक मात्रा नंदग्राम थाने के मालखाने में रखे 15,735 लीटर कोडीन युक्त नशीले कफ सिरप की थी। उसे नष्ट कर दिया गया।

नगर जोन से नष्ट किए गए मादक पदार्थ

  • गांजा - 334.042 किलोग्राम
  • डोडा - 39.500 किलोग्राम
  • स्मैक - 615 ग्राम
  • नशीली गोली - 509 ग्राम

ग्रामीण जोन में नष्ट किए गए मादक पदार्थ

  • गांजा - 221.600 किलोग्राम

ट्रांस हिंडन जोन में नष्ट किए गए मादक पदार्थ

  • गांजा - 11.080 किलोग्राम
  • डोडा - 28.600 किलोग्राम
  • चरस - 2.200 किलोग्राम
  • नशीला पाउडर - 610 ग्राम
  • नशीली गोलियां - 67 ग्राम