विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद: कनाडा में रह रहे NRI से करोड़ों की ठगी, AI अश्लील वीडियो बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश

By Vinit Edited By: Kapil Kumar
Published: Sat, 03 Oct 2026 11:41 AM (IST)

गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने कनाडा में रह रहे एक एनआरआई को सेक्सटॉर्शन के जरिए ब्लैकमेल करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।

अंतरराज्यीय गिरोह का क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया। जागरण

अंतरराज्यीय गिरोह का क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया। जागरण

HighLights

  1. कनाडा निवासी एनआरआई को सेक्सटॉर्शन के नाम पर ब्लैकमेल किया गया।

  2. फर्जी फेसबुक प्रोफाइल और एआई-जनरेटेड अश्लील वीडियो का उपयोग।

  3. गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर गिरोह का पर्दाफाश।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। कनाडा में रह रहे हरियाणा के कुरूक्षेत्र निवासी एनआरआई को सेक्सटार्शन के नाम पर ब्लैकमेल कर रकम वसूलने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है।

आरोपी पहले फेसबुक पर फर्जी महिला का प्रोफाइल बनाकर लोगों से दोस्ती करते थे। इसके बाद मैसेंजर पर बातचीत और वीडियो काल के दौरान रिकार्डिंग कर लेते थे। इस रिकॉर्डिंग को एआई की मदद से अश्लील वीडियो में बदलकर पीड़ित को भेजते और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम मांगते थे।

133 खातों की जानकारी मिली

वहीं, जांच में पुलिस को आरोपियों द्वारा 40 घटनाओं में 6.58 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का पता चला है। जबकि आरोपियों के पास से 133 खातों की जानकारी मिली है।

एसीपी क्राइम अमित सक्सेना के मुताबिक, पकड़े गए आरोपित नूंह के पुन्हाना निवासी मोहम्मद फैसल, मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थानाक्षेत्र के गांव सरवट निवासी मोहम्मद अमान त्यागी, मोहम्मद हम्माद त्यागी और मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड, पांच सिम कार्ड और 2600 रुपये बरामद हुए हैं। गिरोह ने सेक्सटार्शन के लिए फेसबुक पर नवनीत कौर नाम से फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर पीड़ित एनआरआइ को बातचीत में फंसाया था।

वहीं, वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग के बाद एआई से उसका अश्लील वीडियो तैयार किया गया। इसके बाद वीडियो प्रसारित नहीं करने के नाम पर करीब 50 हजार डालर की मांग की गई। मामले में पुलिस गिरोह से जुड़े मुजफ्फरनगर निवासी मारूफ एवं अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

15 हजार में खुलवाया खाता

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी फैसल बीकाम कर रहा है। वह साइबर अपराधियों के मेवात क्षेत्र में सक्रिय गिरोहों के लिए काम करता है। जबकि मुजफ्फरनगर के सरवट गांव निवासी तीनों आरोपी उसे ठगी की रकम के लिए खाते उपलब्ध कराते थे। पुलिस को एनसीआरपी पर दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों की करीब 40 शिकायतें भी मिली हैं।

एनआरआई ने पुलिस से संपर्क किया

एसीपी क्राइम के मुताबिक हरियाणा के कुरूक्षेत्र निवासी एनआरआइ से सेक्सटार्शन के नाम पर जब रुपये मांगे गए तब उन्हें एक बैंक खाता रुपये ट्रांसफर के लिए दिया गया। पीड़ित ने कनाडा पुलिस से संपर्क किया लेकिन कनाडा पुलिस ने उनका फेसबुक खाता डिलीट करा दिया।

इसके बाद उन्होंने इंटरनेट से गाजियाबाद पुलिस का नंबर निकालकर संपर्क किया। जब पुलिस ने बैंक खाते की डिटेल निकलवाई तब मुजफ्फरनगर कनेक्शन सामने आया। इसके बाद जांच करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में बस पर फायरिंग करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक घायल