विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डेढ़ मिनट में SUV गायब! गाजियाबाद पुलिस ने पकड़ा हाईटेक चोर गैंग, बिहार में 1.5 लाख में बेचते थे 20 लाख की कार

Published: Wed, 14 Oct 2026 04:39 PM (IST)

गाजियाबाद पुलिस ने एक ऐसे शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जो डेढ़ मिनट में गाड़ी चोरी कर लेता ...और पढ़ें

वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश। AI जनरेटेड

वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश। AI जनरेटेड

HighLights

  1. गाजियाबाद पुलिस ने डेढ़ मिनट में वाहन चोरी करने वाला चोर पकड़ा।

  2. आरोपी मास्टर चाबी से चोरी कर बिहार में बेचता था वाहन।

  3. चोर के खिलाफ कई राज्यों में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद में सिहानी गेट पुलिस ने डेढ़ मिनट में चार वाहन चोरी करने वाले चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी मास्टर चाबी से वाहन चोरी करता था। उसके पास से एक क्रेटा गाड़ी, तीन बुलेट बाइक, दो मास्टर चाबी और चार फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी चार पहिया वाहन को बिहार में ले जाकर बेचता था। 20 लाख की कार को डेढ़ लाख रुपये बेच देता था। आरोपी के दो साथी फरार हैं।

डेढ़ मिनट में चोरी

एसीपी जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि मेरठ तिराहे के पास से आबिद निवासी गांम पंजी सराय, अमरोहा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर कार चोरी करने के लिए मास्टर चाबी, वायर कटर और पेचकस का इस्तेमाल करता था। वह महज डेढ़ मिनट में कार का ताला खोलकर उसे लेकर फरार हो जाते थे।

चोरी के तुरंत बाद फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गाड़ियों की पहचान छिपा देते थे। वह अपने दो अन्य साथी इकरार उर्फ नाजिम निवासी गांम आदमपुर, अमरोहा, और साजिद निवासी गांम मिलक पापड़ी, अमरोहा के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर में वाहन चोरी का नेटवर्क चलाता था।

पुलिस फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी आबिद कोई मामूली चोर नहीं, बल्कि एक कुख्यात अपराधी है।

आरोपी के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद, अमरोहा, बिजनौर और मुरादाबाद के विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट, लूट, चोरी और अवैध शस्त्र अधिनियम के तहत दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

महंगी गाड़ियों पर रहती थी नजर

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह 13 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली चार पहिया वाहन चोरी करते थे। इसी तरह दो पहिया में केवल बुलेट बाइक चोरी करते थे। चोरी करने के बाद वाहनों को हिंडन नदी के किनारे कब्रिस्तान में छिपा देते थे।

नंबर प्लेट बदलकर वाहनों बिहार ले जाकर बेच देते थे। अब तक आरोपी 30 चार पहिया वाहन चोरी कर चुका है। जबकि दो पहिया वाहन कितने चोरी किए हैं, आरोपी ने इसकी संख्या नहीं बताई।

ग्रेजुएशन के बाद शुरू कर दी थी चोरी

आबिद ने अमरोहा से ग्रेजुएशन करने के बाद चोरी करनी शुरू कर दी थी। वह 2015 से चोरी कर रहा है। मास्टर चाबी उसने यूट्यूब पर वीडियो देखकर बनानी सीखी थी। सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए आरोपी चोरी करते हुए चेहरे पर नकाब पहन लेते थे।

यह भी पढ़ें- साहिबाबाद में 50000 का इनामी वाहन चोर मुठभेड़ में गिरफ्तार, आरोपित पर दर्ज हैं गैंगस्टर समेत करीब सौ मामले