विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Exclusive: बाहर ताला, सीक्रेट रास्ते से एंट्री और सीज शराब भी गायब; गाजियाबाद के नाइट क्लबों में बड़ा खेल

Published: Sat, 31 Oct 2026 07:37 PM (IST)

गाजियाबाद के नाइट क्लबों और बार में नियमों के उल्लंघन पर जिला आबकारी अधिकारी समेत तीन अधिकारी निलंबित हुए हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. गाजियाबाद के नाइट क्लबों में नियमों का उल्लंघन पाया गया।

  2. जिला आबकारी अधिकारी सहित तीन अधिकारी निलंबित किए गए।

  3. गुप्त रास्तों से प्रवेश और सीज शराब गायब होने के मामले।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद के नाइट क्लबों और बार में नियमों का उल्लंघन होने के मामले में जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार सिंह और दो आबकारी इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार व चमन सिंह का निलंबन हो चुका है।

जांच में पता चला है कि नाइट क्लब में पुलिस और प्रशासन की नजर से बचने के लिए बाहर से ताला लगाकर गुप्त रास्ते से लोगों को प्रवेश कराया जा रहा था। यहां पर बिना ओकेजनल बार लाइसेंस लिए हुए देर रात तक शराब पार्टी का आयोजन किया जाता था।

इसके साथ ही टीम द्वारा छापामारी के दौरान सीज की गई शराब को आबकारी विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही गायब कर दिया गया। इन मामलों में संबंधित के खिलाफ कौशांबी थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

इन अधिकारियों पर हुई कार्रवाई

नाइट क्लबों और बार में बिना लाइसेंस शराब परोसे जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने 24 अक्टूबर को एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी, एसडीएम सदर अजीत सिंह और तहसीलदार सदर रितेश सिंह की संयुक्त टीम बनाई।

जब यह टीम वैशाली सेक्टर चार में रेड आई कैफे एंड लांज में पहुंची तो वहां पर बाहर से ताला लगा मिला और गुप्त रास्ते से लाेगों को क्लब के अंदर प्रवेश दिलाया जा रहा था। क्लब के अंदर बीयर की बोतलें मिलीं लेकिन क्लब संचालक ने ओकेजनल बार लाइसेंस नहीं लिया था।

इस मामले में आबकारी निरीक्षक अखिलेश कुमार ने क्लब की संचालक प्रियांशी चौहान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरा मामला वैशाली सेक्टर तीन स्थित कोको रेस्तरो बार का है। इस बार में जब टीम पहुंची तो वहां पर आए लोगों को बीयर व व्हिस्की पीने के लिए दी जा रही थी।

बोतलों से कोड हटाए पर लिखा था हरियाणा ओनली

जो व्हिस्की दी जा रही थी, उसकी बोतल से बार कोड हटाए गए थे और हरियाणा ओनली लिखा गया था। इससे पता चला की व्हिस्की हरियाणा की है। बार संचालक के पास लाइसेंस नहीं था, ऐसे में बीयर और व्हिस्की को बार के अंदर रखे फ्रीज में ही रखकर सीज कर दिया गया।

इसके बाद जब आबकारी विभाग की टीम जिला प्रशासन की टीम के साथ पहुंची तो सीज की गई बीयर व व्हिस्की फ्रीज से गायब मिली। इस मामले में बार संचालक दिल्ली के केशवपुरम में रहने वाले पार्थ ठाकुर और बार मालिक दिल्ली के सुधीर जायसवाल के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई गई है।

ब्लैक रैबिट की भी मिली शिकायत

तीसरा मामला प्रकाश इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ब्लैक रैबिट रेस्तरां व क्लब का है। यहां पर जब जिला प्रशासन की टीम जांच के पहुंची तो क्लब खुला मिला लेकिन संचालक व कर्मचारी नहीं मिले।

अंदेशा है कि टीम के पहुंचने से पहले आनन-फानन में क्लब से संचालक, कर्मचारी व ग्राहक निकल गए। मौके पर बीयर व शराब की बोतलें मिलीं लेकिन क्लब के संचालक ने लाइसेंस नहीं लिया था। इस मामले में आबकारी निरीक्षक चमन सिंह ने साहिबाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।