एनएच-9 पर ऑटो-बसों की अवैध पार्किंग से भीषण जाम, लाखों वाहन चालक परेशान
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (NH-9) पर गलत ट्रैफिक इंजीनियरिंग और अवैध ऑटो-बस स्टॉप के कारण रोजाना लाखों वाहन चालक भीषण जाम का सामना कर रहे हैं।

एनएच-9 पर ऑटो-बसों की अवैध पार्किंग से भीषण जाम ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गलत इंजीनियरिंग से जाम।
अवैध ऑटो-बस स्टॉप से यातायात बाधित।
रोजाना 4 लाख वाहन चालक जाम में फंसे।
आशुतोष गुप्ता, साहिबाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे डीएमई एनएच-9 को जिम्मेदारों ने पलीता लगा दिया है। इसका निर्माण तो लोगों की सुविधा के लिए कराया गया था। लेकिन, गलत ट्रैफिक इंजीनियरिंग व डिजाइन के कारण रोजाना चार लाख वाहन चालक जाम में फंसने काे मजबूर हैं।
देश भर में एनएच का निर्माण तेज गति के लिए किया जाता है। लेकिन एनएच-9 पर ऑटो पर प्रतिबंध तो दूर यहां बस और ऑटो का अवैध रूप से स्टॉप बना दिया गया है।
हर दिन लगता है भीषण जाम..
इसके चलते एनएच पार्किंग में बदल गया है और हर दिन भीषण जाम लगता है। इससे गुजरने वाले लाखों वाहन चालक अब परेशान हो चुके हैं और जाम में फंंस कर झुंझलाहट का शिकार हो रहे हैं।
बता दें कि एनएच 9 पर रोजाना सुबह शाम लगने वाले जाम में चार लाख वाहन चालक प्रभावित होते हैं। एक अनुमान के मुताबिक इस जाम में प्रतिदिन 3.52 करोड़ रुपये का ईंधन फुंकता है।
गौतमबुद्धनगर में सेक्टर 62 के आसपास और इंदिरापुरम में साया गोल्ड सोसायटी से कनावनी कट तक जाम लगा रहता है। दो जिलों की समस्या होने बावजूद जिम्मेदार इस जाम का समाधान नहीं निकाल पा रहे हैं।
यातायात विशेषज्ञों ने बताई जाम के पीछे की वजह
दरअसल जब एनएच का निर्माण हुआ था तभी ऑटो व बसाें के लिए एनएच से पीछे व्यवस्था बनाई जानी चाहिए थी, ताकि ये एनएच पर न आएं और यातायात प्रभावित न हो, लेकिन इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया। जिस कमी का खामियाजा लोगों को उठाना पड़ रहा है।
यातायात विशेषज्ञ भी जाम लगने के पीछे खराब डिजाइनिंग व ट्रैफिक इंजीनियरिंग को कारण मान चुके हैं। उनका मानना है कि एनएच पर वाहनों की एक न्यूनतम व अधिकतम गति सीमा निर्धारित होती है और एनएच पर ट्रैक्टर, आटो प्रतिबंधित होते हैं लेकिन एनएच-9 पर अब आटो और बस स्टाप ही सबसे बड़ा परेशानी का कारण बन रहा है।
वह सुझाव देते हैं कि एनएच के बराबर में खाली पड़े स्थानों का इस्तेमाल इन वाहनों को खड़ा करने के लिए किया जाए, ताकि एनएच पर चलने वाले वाहन जाम से बच सकें। इस बड़ी समस्या के लिए अब जिम्मेदार विभागों को आगे आना चाहिए और मजबूत इच्छा शक्ति दिखाते हुए लाखों लोगों की सुविधा के लिए पहल करनी चाहिए।
एनएच-9 पर राेजाना लगने वाले जाम से परेशानी होती है। ऑटो व बस चालक जाम का कारण बनते हैं। मैं प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरता हूं। यहां जाम से सुधार के लिए पहल होनी चाहिए।- गौरव सिंह, खोड़ा
एनएच-9 का जाम परेशानी बनने लगा है। मैं नोएडा रोजाना नौकरी करने के लिए आता हूं। नोएडा सेक्टर 62 कट को पार करने में ही आधा घंटा तक लग जाता है। इस समस्या से निजात के लिए अधिकारियों को गंभीर होना चाहिए।-विशेष गुप्ता, साकेत दिल्ली
एनएच-9 पर तत्काल प्रभाव से बस व ऑटो हटाए जाने चाहिए। यहां ऑटो प्रतिबंधित कर सिटी बस चलानी चाहिए। यदि बस व आटो की आवश्यकता है, तो एनएच के दोनों तरफ खाली पड़े स्थान पर पार्किंग बनाई जानी चाहिए।- एसके माहेश्वरी, यातायात विशेषज्ञएनएच-9 से बस स्टाप को हटाने के लिए एनएचएआइ को पत्र लिखा गया है। उनसे कहा गया है कि इस बस स्टाप को कहीं अन्य जगह शिफ्ट किया जाए। बस स्टाप हटने से ही यातायात सुचारू हो सकता है।- त्रिगुण बिसेन, डीसीपी यातायात, गाजियाबाद
यह भी पढ़ें- 'माफिया अंकित यादव' नाम की इंस्टाग्राम आईडी पर साली मौसम कुमारी की DP, इसके बाद भागलपुर में खूब चले लाठी-डंडे
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।