गाजियाबाद में नाले के ऊपर दौड़ेंगी गाड़ियां, 131 करोड़ से आसान होगा नोएडा वेस्ट तक का सफर
गाजियाबाद में NH-9 से शाहबेरी तक 1752 मीटर लंबे नाले को कवर कर 12 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी, जिस ...और पढ़ें

क्रॉसिंग रिपब्लिक के पास इसी नाले के ऊपर बनेगी सड़क। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। एनएच-9 से शाहबेरी होते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट जाने वाले वाहन चालकों को जाम से राहत दिलाने के लिए नगर निगम 131 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
इसके तहत साउथ साइड औद्योगिक क्षेत्र की रेलवे लाइन से एबीईएस कालेज होते हुए शाहबेरी तक 1752 मीटर लंबे नाले को पक्का कर पूरी तरह कवर किया जाएगा। नाले के ऊपर 12 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी।
निगम पहली बार इतनी लंबाई में नाले को कवर कर उसके ऊपर सड़क बनाने जा रहा है। शासन से परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है।
दीपावली तक टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद सड़क बनाने का काम शुरू होगा। निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस संस्था को दी जाएगी।

वर्तमान में एनएच-9 से शाहबेरी सीमा तक जाने वाली सड़क पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। इस मार्ग से क्रॉसिंग रिपब्लिक और ग्रेटर नोएडा वेस्ट पहुंचना आसान पड़ता है।
यही वजह है कि रोजाना बड़ी संख्या में वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं। सड़क के किनारे करीब 12 मीटर चौड़ा नाला होने के कारण सड़क का विस्तार करना मुश्किल है।
दूसरी ओर आवासीय इमारतें होने से भी चौड़ीकरण की गुंजाइश सीमित है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने नाले को ही सड़क में बदलने की योजना बनाई है।
नगर निगम के मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने बताया कि नाले को पक्का कर ऊपर से पूरी तरह ढकने के बाद उस पर सड़क बनाई जाएगी।
इससे मौजूदा मार्ग के समानांतर आवागमन के लिए अतिरिक्त जगह उपलब्ध होगी और एनएच-9 से शाहबेरी की ओर जाने वाले वाहनों को बेहतर रास्ता मिल सकेगा।
इससे मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी। परियोजना में नाले की सफाई और रखरखाव का भी ध्यान रखा गया है। सड़क के नीचे नाले तक पहुंचने के लिए हर तीन मीटर पर डक्ट बनाए जाएंगे।
इससे जरूरत पड़ने पर नाले की सफाई की जा सकेगी। नाले को कवर करने से खुले नाले से जुड़ी समस्याओं को कम करने और जलभराव की स्थिति में सुधार लाने में भी मदद मिल सकती है।
बॉटलनेक की समस्या होगी खत्म
इस मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास सड़क संकरी होने से बॉटलनेक की स्थिति बनती है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इस बोटलनेक को खत्म करने के लिए पहले ही टेंडर जारी कर चुका है।
ऐसे में नाले के ऊपर नई सड़क बनने और मौजूदा मार्ग की बाधा दूर होने से यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। शाहबेरी, क्रॉसिंग रिपब्लिक, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच आवागमन सुगम हो सकेगा।
ये है सड़क की वर्तमान स्थिति
- सड़क के एक ओर आवासीय इमारतें और दूसरी ओर करीब 12 मीटर चौड़ा नाला है।
- मौजूदा सड़क पर वाहनों का दबाव अधिक होने से जाम की स्थिति बनती है।
- पेट्रोल पंप के पास सड़क संकरी होने से बटलनेक बनता है।
- गाजियाबाद की सीमा से निकलने के बाद गौतमबुद्ध नगर की सीमा में भी जाम लगता है।
- गौतमबुद्ध नगर की सीमा के अंतर्गत भी इस सड़क को चौड़ा किया जाना चाहिए।
नंगर गेम
- 131 करोड़ रुपये की परियोजना है
- 1752 मीटर नाले की लंबाई
- 12 मीटर प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई करने का लक्ष्य
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में ब्लिंकिट राइडर की मौत मामले में नया खुलासा, पुरानी रंजिश में कैंटर से दो बार मारी थी बाइक को टक्कर
