विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में ब्लिंकिट राइडर की मौत मामले में नया खुलासा, पुरानी रंजिश में कैंटर से दो बार मारी थी बाइक को टक्कर

By Vinit Edited By: Shanu Sharma
Published: Sat, 17 Oct 2026 05:46 PM (IST)

गाजियाबाद में ब्लिंकिट राइडर दयाशंकर की मौत के मामले में पुलिस जांच में खुलासा हुआ हुआ है। जिसके मुताबिक पुरानी ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. ब्लिंकिट राइडर दयाशंकर की मौत का खुलासा।

  2. पुरानी रंजिश में कैंटर से जानबूझकर टक्कर।

  3. आरोपी सोमवीर सिंह को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद: न्यू लिंक रोड पर सिद्धार्थ विहार के पास ब्लिंकिट राइडर दयाशंकर की मौत के मामले में स्वजन के आरोप सही साबित हुए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि कैंटर चालक ने जान से मारने के इरादे से दयाशंकर की बाइक में दो बार टक्कर मारी थी।

जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार

छह अक्टूबर की रात हुई इस घटना में दयाशंकर की मौत हो गई थी। स्वजन की शिकायत पर विजयनगर थाने में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के बाद संभल के केला देवी थाना क्षेत्र के गांव रोरादीप निवासी 25 वर्षीय सोमवीर सिंह को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया है।

6 महीने पहले हुआ था विवाद

मूल रूप से संभल जिले के रजपुरा थानाक्षेत्र के गांव सुंदरपुर निवासी 20 वर्षीय दयाशंकर सिद्धार्थ विहार में रहते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि सोमवीर की शादी दयाशंकर के गांव की एक युवती से चार वर्ष पहले हुई थी। करीब छह महीने पहले गांव में एक शादी समारोह के दौरान शराब पीने के बाद सोमवीर का दयाशंकर से विवाद हो गया था।

आरोप है कि उस समय सोमवीर ने दयाशंकर को जान से मारने की धमकी दी थी। छह अक्टूबर की रात सोमवीर कैंटर लेकर सिद्धार्थ विहार में दयाशंकर के गांव के एक व्यक्ति से मिलने आया था। इसी दौरान उसे दयाशंकर बाइक से जाता दिखाई दिया।

30 मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा पीड़ित

आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते सोमवीर ने उसे मारने के इरादे से बाइक में दो बार कैंटर से टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद दयाशंकर के भाई विशेष ने आरोप लगाया था कि उनका भाई करीब 30 मिनट तक सड़क पर घायल अवस्था में तड़पता रहा, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची।

इलाज के दौरान अस्पताल में मौत

बाद में डायल-112 की पीआरवी से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआत में पुलिस इसे सड़क हादसा मानकर जांच कर रही थी। वाहन नंबर के आधार पर पड़ताल और गांव के लोगों से पूछताछ में सोमवीर की मौजूदगी सामने आई।

स्वजन ने आरोपित के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने सोमवीर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में कैंटर से जानबूझकर टक्कर मारने का मामला सामने आया है। स्वजन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। उसे जेल भेज दिया गया है।
उपासना पांडेय, एसीपी कोतवाली

यह भी पढ़ें- नोएडा-गाजियाबाद की 100 से ज्यादा सोसायटियों में चल रहे 231 जनरेटर, प्रदूषण पर रोक के आदेश बेअसर?