अब नहीं लगेगा NH-9 पर जाम, गाजियाबाद में बसों के लिए बनी अलग लेन; 870 कैमरों से होगी निगरानी
राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर माडल टाउन और सेक्टर-62 कट के पास बसों के कारण लगने वाले जाम को कम करने के लिए अस्थायी बस लेन बनाई गई है।

एनएच-9 पर बैरिकेडिंग लगाकर बसों के लिए बनाई गई अलग लेन। सौ. पुलिस
HighLights
राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर बसों के लिए अस्थायी लेन बनाई गई
शहर में 41 स्थानों पर 870 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
यातायात पुलिसकर्मियों को 20 स्मार्ट बूथ उपलब्ध कराए गए
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर माडल टाउन और सेक्टर-62 कट के पास बसों के कारण लगने वाले जाम को कम करने के लिए अस्थायी बस लेन बनाई गई है। बसों को अलग लेन में चलाने से सड़क पर उनके खड़े होने के कारण लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
माडल टाउन और सेक्टर-62 कट के पास बसों के कारण यातायात प्रभावित होता था। अब बसों के लिए अलग लेन बनाई गई है। इससे बसों को मुख्य सड़क पर खड़ा करने की स्थिति कम होगी और यातायात सुचारू रखने में मदद मिलेगी।
41 स्थानों पर 870 कैमरों से निगरानी
यातायात व्यवस्था पर निगरानी के लिए शहर के 41 प्रमुख स्थानों पर 870 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कैमरों के जरिये यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान की जा रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार अब तक 10 लाख से अधिक ई-चालान किए जा चुके हैं।
तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई के लिए सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर इंटरसेप्टर वाहनों में लेजर आधारित उच्च तकनीक वाली गति मापने वाली मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार मिलने पर चालान किया जा रहा है।
पुलिसकर्मियों को मिले 20 स्मार्ट बूथ
यातायात पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से 20 स्मार्ट यातायात बूथ उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें बिजली, पंखे, ठंडे और शुद्ध पेयजल के साथ बैठने की सुविधा भी है।
हादसों की रोकथाम के लिए हादसे वाले 10 थानों में सीसीटी टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें दुर्घटना वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में सड़क डिजाइन, प्रकाश, अवैध कट और संकेतक जैसी खामियों की पहचान करती हैं।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में स्कूल वैन पेड़ से टकराकर सर्विस रोड पर गिरी, CCTV में कैद हुआ रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा
