नाहल केस में आरोपितों से रिमांड में हुई पूछताछ में पाकिस्तान कनेक्शन की पुष्टि, गाजियाबाद पुलिस फिर मांगेगी कस्टडी
गाजियाबाद के नाहल गांव से गिरफ्तार आरोपियों के पाकिस्तान कनेक्शन की जांच तेज हो गई है। रिमांड के दौरान शावेज ...और पढ़ें

मसूरी के नाहल से गिरफ्तार हुए छह आरोपित।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव से 12 मार्च को गिरफ्तार आरोपितों के मामले में पाकिस्तान कनेक्शन की जांच तेज हो गई है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपितों की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि पूछताछ के लिए समय कम मिलने के कारण जल्द ही आरोपितों को दोबारा रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया जाएगा। तीन दिन की रिमांड के दौरान आईबी, एटीएस, एनआईए और क्राइम ब्रांच ने आरोपितों से गहन पूछताछ की। पूछताछ में नाहल निवासी शावेज और फिरोज के पाकिस्तान से जुड़े संपर्क सामने आए हैं।
जांच में पता चला है कि फिरोज का चाचा ओबेदुल्लाह पाकिस्तान में रहता है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि फिरोज का संपर्क उसके चाचा के बेटों से बना हुआ था। वहीं मुख्य आरोपित शावेज के बारे में जानकारी मिली है कि वह कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में था।
12 मार्च को गिरफ्तार हुए थे छह संदिग्ध
पुलिस ने बताया कि शावेज का मोबाइल फोन गिरफ्तारी के समय ही बरामद कर लिया गया था। इसके अलावा रिमांड के दौरान अन्य पांच आरोपितों की निशानदेही पर पांच और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
इन मोबाइल फोन में मौजूद डाटा की गहन जांच की जा रही है, जिससे नेटवर्क और संपर्कों के बारे में और जानकारी मिल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
आरोपितों के डिजिटल कनेक्शन, विदेशी संपर्क और संभावित नेटवर्क की परतें खोलने के लिए एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। जल्द ही दोबारा रिमांड लेकर पूछताछ आगे बढ़ाई जाएगी। मालूम हो कि पुलिस ने 12 मार्च को नाहल गांव के शावेज उर्फ जेहादी, जुनैद, फरदीन, अधिवक्ता इकराम अली, फजरू व मोहम्मद जावेद को गिरफ्तार किया।
