गाजियाबाद: मोदीनगर में अवैध कॉलोनी पर गरजा बुलडोजर, सरकारी जमीन को कराया कब्जामुक्त
गाजियाबाद के मोदीनगर नगर पालिका ने कादराबाद गांव में सरकारी जमीन पर बन रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की है।
-1778751457157_m.webp)
कादराबाद में सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराती नगरपालिका की टीम। जागरण
HighLights
कादराबाद गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनी ध्वस्त।
नगर पालिका ने 3000 वर्गमीटर भूमि को कराया मुक्त।
बखरवा गांव में भी अवैध कब्जे की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, मोदीनगर (गाजियाबाद)। गाजियाबाद में मोदीनगर के कादराबाद गांव में सरकारी जमीन पर शुरू की जा रही कॉलोनी पर नगर पालिका मोदीनगर ने कार्रवाई की है।
अवैध कब्जा धवस्त कराकर नगर पालिका ने यहां पर अपने कब्जे का बोर्ड लगा दिया। इसको लेकर पिछले दिनों तहसील में शिकायत दी गई थी। इसपर जमीन की पैमाइश कराई गई। जिसमें सरकारी जमीन पुष्ट हुई।
टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया। नगरपालिका अधिकारियों के मुताबिक, कादराबाद में खसरा नंबर-28 में कालोनाइजर द्वारा अवैध तरीके से कब्जा किया हुआ था। यहां कालोनी शुरू की जा रही थी। प्लाटिंग शुरू हो गई थी। इसको लेकर शिकायत की गई थी तो जांच के लिए टीम गठित की गई।
वहीं, जांच में तथ्य सामने आए, जिसपर नगरपालिका ने मौके पर पहुंचकर कब्जा लिया। नगरपालिका की करीब 3000 हजार वर्गमीटर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।
इसके अलावा गांव बखरवा में खसरा 1,5 व 13 पर भी अवैध तरीके से कालोनी शुरू करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी गई है। जिसको लेकर नगरपालिका की तरफ से जांच कमेटी गठित की गई है।
आरोप है कि ये तीनों खसरा सरकारी जमीन के हैं, जिस पर कॉलोनाइजर ने कब्जा किया हुआ है। यदि आरोप सही मिले तो नगर पालिका यहां भी कार्रवाई करेगी।
इस मामले में एसडीएम मोदीनगर अजित कुमार सिंह ने बताया कि कादराबाद में सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया है। बिसाेखर की शिकायत पर भी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।