विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद: MMG अस्पताल की बदलेगी सूरत, क्रिटिकल केयर ब्लॉक के लिए 5.72 करोड़ रुपये मंजूर

Published: Mon, 26 Oct 2026 08:06 AM (IST)

गाजियाबाद के एमएमजी अस्पताल में 100 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण के लिए शासन ने 5.72 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है।

बजट के अभाव में महीनों से अटका था काम

बजट के अभाव में महीनों से अटका था काम

HighLights

  1. एमएमजी अस्पताल के क्रिटिकल केयर ब्लॉक को 5.72 करोड़ मिले।

  2. बजट से रुके निर्माण कार्य को अब गति मिलेगी।

  3. जर्जर भवन से नए परिसर में अस्पताल होगा शिफ्ट।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। जर्जर भवन में मरीजों का इलाज करने की मजबूरी झेल रहे जिला एमएमजी अस्पताल को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। अस्पताल परिसर में बन रहे सौ बेड के क्रिटिकल केयर ब्लाक के निर्माण के लिए शासन ने 5.72 करोड़ रुपये से अधिक का बजट आवंटित कर दिया है।

लंबे समय से बजट के अभाव में अटके निर्माण कार्य को इससे गति मिलने की उम्मीद है। नए भवन का निर्माण पूरा होने के बाद जर्जर इमारत में संचालित अस्पताल को वहां शिफ्ट किया जाएगा।

इससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को राहत मिलने की उम्मीद है। एमएमजी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डा. राकेश कुमार ने बताया कि क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण कार्य को पूरा करने लिए शासन को बजट का प्रस्ताव भेजा था। करीब 5.72 करोड़ रुपये का बजट आवंटित हुआ है।

34 करोड़ की है परियोजना

एमएमजी अस्पताल परिसर में क्रिटिकल केयर ब्लाक का निर्माण 15 मार्च 2024 को शुरू हुआ था। करीब 34 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत सात मंजिला भवन तैयार किया जा रहा है। अगस्त माह तक निर्माण कार्य करीब 88 प्रतिशत पूरा हुआ था।

बजट की कमी के कारण पिछले कई महीनों से निर्माण की रफ्तार थमी हुई थी। परियोजना को पूरा करने के लिए करीब 11 करोड़ रुपये की जरूरत बताई गई थी। इसके लिए विधायक संजीव शर्मा ने भी शासन को बजट की मांग करते हुए पत्र भेजा था। अब शासन से 5.72 रुपये आवंटित होने से निर्माण कार्य आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

जर्जर भवन में मरीजों की सुरक्षा की चिंता

जिला एमएमजी अस्पताल की पुरानी इमारत लंबे समय से जर्जर हालत में है। भवन के वार्डों में छत का प्लास्टर गिरने जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इस कारण मरीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से भवन की समस्या और क्रिटिकल केयर ब्लाक के लिए बजट उपलब्ध कराने को लेकर शासन स्तर पर लगातार पत्राचार किया जा रहा था।

गंभीर मरीजों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

क्रिटिकल केयर ब्लाक में गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसमें गहन चिकित्सा कक्ष, पृथक वार्ड और वेंटिलेटर जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। निर्माण पूरा होने के बाद जिले के मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। अब बजट आवंटन के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाना और शेष काम पूरा कराना महत्वपूर्ण होगा।

गाजियाबाद समेत सात जिलों को जारी हुई धनराशि

प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत मानक मद-24 यानी बृहद निर्माण कार्य के लिए धनराशि आवंटित की गई है। प्रदेश के सात जिलों गाजियाबाद के अलावा मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, सिद्धार्थनगर, बलिया, संभल और बहराइच के लिए कुल 29,84,93,052 रुपये की धनराशि दी गई है।

इसमें बलिया को सबसे अधिक 9.56 करोड़ रुपये और गाजियाबाद को दूसरे स्थान पर करीब 5.72 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद MMG अस्पताल में हड़ताल, नर्सों से मारपीट के बाद धरने पर बैठे डॉक्टर; OPD बंद होने से मची आफत

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद MMG अस्पताल में 6 साल बाद चेस्ट फिजिशियन की तैनाती, नए CMO और CMS ने संभाला कार्यभार