गाजियाबाद MMG अस्पताल में 6 साल बाद चेस्ट फिजिशियन की तैनाती, नए CMO और CMS ने संभाला कार्यभार
गाजियाबाद के जिला एमएमजी अस्पताल में छह साल बाद चेस्ट फिजिशियन डॉ. इमरान की तैनाती हुई है। इसके साथ ही ...और पढ़ें

HighLights
एमएमजी अस्पताल को छह साल बाद मिला चेस्ट फिजिशियन।
डॉ. इमरान बागपत से गाजियाबाद एमएमजी अस्पताल में नियुक्त।
गाजियाबाद को नए सीएमओ और महिला अस्पताल को नए सीएमएस मिले।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। जिला एमएमजी अस्पताल में छह साल बाद चेस्ट फिजिशियन की तैनाती हुई है। सीएमएस डा. राकेश कुमार ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बागपत से चेस्ट फिजिशियन डॉ. इमरान को जिला एमएमजी अस्पताल में नियुक्त किया गया है।
चेस्ट इंफेक्शन के मरीजों का चेस्ट एक्स-रे कराने के बाद फिजिशियन डॉ. संतराम वर्मा और डॉ. आलोक रंजन ही देखकर दवाएं दे रहे हैं। ओपीडी में रोज चेस्ट इंफेक्शन के चार सौ से अधिक मरीज पहुंचते हैं। इमरजेंसी में भी फेफड़ों के गंभीर मरीजों को ऑनलाइन सलाह फिजिशियन ही दे रहे हैं।
दो चिकित्सकों का हुआ तबादला तो तीन नए चिकित्सक मिले
सीएमएस ने बताया कि चेस्ट फिजिशियन की नियुक्ति का आदेश सोमवार को मिल गया। इसके अलावा बुलंदशहर से डा. अशोक कुमार और मुरादाबाद से डॉ. मोनिका सेन को एमएमजी अस्पताल में भेजा गया है। सीएमएस के अनुसार डा. मोनिका सेन नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं।
जल्द ही तीनों चिकित्सक कार्यभार संभाल सकते हैं। इसके साथ ही नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रताप का सीएमएस जिला महिला अस्पताल और डॉ. नितिन प्रियदर्शी का तबादला सीएमओ गाजियाबाद के अधीन हो गया है। स्टाफ नर्स वंदना कौशल और एकता शर्मा का भी दूसरे जिले में ट्रांसफर हो गया है।
सीएमओ गाजियाबाद ने लिया चार्ज, सात दिन के अवकाश पर गये
शासन स्तर से सीएमओ गाजियाबाद के पद पर नियुक्त किये गये संयुक्त निदेशक ग्रेड के डा.सचिन चन्द्र वैश्य ने सोमवार सुबह को गाजियाबाद पहुंचकर सीएमओ का कार्यभार ग्रहण लिया। इसके बाद मेरठ जाकर उन्होंने अपर निदेशक मेरठ डॉ. सीमा से मिलकर विधिवत कार्यभार ग्रहण करने के साथ हस्ताक्षर सत्यापित कराये।
उन्होंने बताया कि ज्वाइनिंग अवधि के बीच मिलने वाले सात दिन के अवकाश पर रहेंगे। आठ जून को कार्यालय आएंगे। उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास रहेगा।
जिला महिला अस्पताल सीएमएस ने भी लिया चार्ज
जिला महिला अस्पताल के सीएमएस बनाये गये डा. प्रताप सिंह ने भी सोमवार को चार्ज ले लिया। पिछले दो साल से डा. प्रताप सिंह जिला एमएमजी अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञ के तौर पर कार्यरत थे। शासन स्तर से उन्हे नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सोमवार को पहले एमएमजी अस्पताल से कार्यमुक्त किये गये और फिर चार्ज लेने पहुंचे।उन्होंने बताया कि महिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जायेगा। देर शाम तक अस्पताल के स्टाफ से मिलकर उन्होंने पूरा जायजा लिया।
