विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में जजों से जान-पहचान का झांसा देकर 1.34 करोड़ की ठगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

By Vinit Edited By: Sonu Suman
Published: Tue, 15 Sep 2026 10:33 PM (IST)

गाजियाबाद में जजों से पहचान का झांसा देकर एक सेवानिवृत्त अधिकारी से 1.34 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले ...और पढ़ें

सेवानिवृत्त अधिकारी से 1.34 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार।

सेवानिवृत्त अधिकारी से 1.34 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार।

HighLights

  1. जजों से पहचान का झांसा देकर सेवानिवृत्त अधिकारी से ठगी।

  2. 1.34 करोड़ रुपये की ठगी, न्यायिक मदद का बहाना।

  3. ठगी की रकम बेटिंग ऐप पर खर्च, महिला आरोपी फरार।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। न्यायिक मामले में मदद के नाम पर जजों को रिश्वत देने का झांसा देकर वसुंधरा निवासी सेवानिवृत्त अधिकारी से 1.34 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

आरोपित की पहचान चंदौली निवासी 32 वर्षीय ईशू पांडेय उर्फ रिशू पांडेय के रूप में हुई है। मुकदमा आठ मई को दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक आरोपित फेसबुक के माध्यम से सेवानिवृत्त अधिकारी के संपर्क में आया था। मामले में पुलिस को एक युवती की भी तलाश है।

फेसबुक के जरिए संपर्क होने के बाद दोनों के बीच मित्रता हो गई

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के मुताबिक सेवानिवृत्त अधिकारी शीतल प्रसाद के बेटे का पारिवारिक विवाद बहादुरगढ़ चंडीगढ़ की अदालत में विचाराधीन है। ईशू फेसबुक पर प्रभावशाली लोगों के साथ फोटो पोस्ट करता था। फेसबुक के जरिए संपर्क होने के बाद दोनों में बातचीत और मित्रता हो गई।

इसी दौरान एक दिन शीतल प्रसाद ने ईशू को अपनी कानूनी समस्या बताई और कहा कि उन्हें मामले में किसी की मदद की जरूरत है। आरोप है कि ईशू ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उसकी कई जजों से अच्छी जान-पहचान है और वह न्यायिक मामले में मदद करा सकता है।

1.34 करोड़ रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराए गए

इसके बाद उसने न्यायिक अधिकारियों को रुपये देने के नाम पर शीतल प्रसाद से रकम लेनी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार जून 2025 से अप्रैल 2026 के बीच करीब 1.34 करोड़ रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराए गए। जब काम नहीं हुआ और पीड़ित ने अपने रुपये मांगे तो आरोपितों ने शीतल प्रसाद को बेटे के खिलाफ दर्ज मुकदमे में जेल भिजवाने और पुलिस से गिरफ्तार कराने की धमकी देकर भी डराया।

ईशू ने अपने और अपनी मां के खातों के अलावा अन्य लोगों के खातों में भी रकम मंगवाई। पुलिस का कहना है कि रकम का इस्तेमाल बेटिंग एप पर क्वाइन खरीदकर जुआ खेलने में किया गया। मामले में पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज करने के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने जांच करते हुए ईशू को चौबेपुर क्षेत्र वाराणसी से गिरफ्तार किया। उसके पास घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

खातों की जानकारी के साथ ही धनराशि भी फ्रिज कराई जाएगी

पुलिस की जांच में अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है। आरोपित खुशबू मिर्जा की तलाश की जा रही है। मामले में पुलिस करीब 10 लाख रुपये फ्रीज करा चुकी है। अन्य खातों की जानकारी के साथ ही धनराशि भी फ्रिज कराई जाएगी। मामले में गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। साइबर ठगी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस के मार्ग में बदलाव, गजरौला-हापुड़ में नहीं रुकेगी ट्रेन; रेलवे ने बताई वजह