पिटाई से नाराज 15 साल के लड़के ने किया पिता का मर्डर, गाजियाबाद के लोनी में हैरान करने वाला मामला
गाजियाबाद के लोनी में एक 15 वर्षीय किशोर ने घरेलू विवाद और पिता की डांट-मारपीट से नाराज होकर सोते समय धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी।

इनसेट में मृतक की फाइल फोटो।
HighLights
लोनी में किशोर ने घरेलू विवाद में पिता को मार डाला।
पिता की डांट-मारपीट से नाराज होकर किया हमला।
पुलिस ने आरोपी 15 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया।
संवाद सहयोगी, लोनी। गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र अशोक विहार आशियाना सिटी में घरेलू विवाद के चलते एक 15 वर्षीय किशोर पर अपने पिता की धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपित किशोर को अभिरक्षा में ले लिया है।
एसीपी लोनी राम किशन ने बताया कि आशियाना सिटी निवासी इरफान (58) का अपने बेटे को लेकर अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि पिता की डांट और मारपीट से नाराज किशोर ने रात करीब 3:15 बजे सोते समय उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद किशोर की मां ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। स्वजन घायल को आनन-फानन में 50 शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
किशोर को पुलिस ने हिरासत में लिया
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस ने आरोपित किशोर को अभिरक्षा में ले लिया है। उसके खिलाफ बाल अपचारी के रूप में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और वारदात के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पिता-पुत्र के बीच घरेलू विवाद और डांट-मारपीट को घटना का कारण माना जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।