विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में बड़ा हादसा, 25 फीट की ऊंचाई पर ढह गया लिंटर; मलबे में दबकर 10 लोग घायल

Published: Tue, 13 Oct 2026 12:40 AM (IST)

साहिबाबाद में शहीदनगर मेट्रो स्टेशन के पास एक गोदाम का 25 फीट ऊंचा लिंटर गिरने से 10 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर है।

शहीदनगर मेट्रो स्टेशन के पास रावल पिंडी गार्डन में लिंटर गिरने के बाद बचाव कार्य में लगे कर्मी।जागरण

शहीदनगर मेट्रो स्टेशन के पास रावल पिंडी गार्डन में लिंटर गिरने के बाद बचाव कार्य में लगे कर्मी।जागरण

HighLights

  1. शहीदनगर मेट्रो स्टेशन के पास लिंटर गिरने से हादसा

  2. हादसे में कुल 10 लोग घायल, चार की हालत गंभीर

  3. पुलिस, दमकल, एनडीआरएफ ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र के शहीदनगर मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार देर शाम एक 200 वर्गगज के प्लाट पर गोदाम के लिए 25 फीट ऊंचाई पर डाला जा रहा लिंटर अचानक भर-भराकर गिर गया।

इस घटना में भीतर व बाहर एक बच्चे व महिला समेत 10 लोग चपेट में आकर घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस, दमकल, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू किया और दबे हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया।

यहां पांच को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। राहत टीमें मौके पर रेस्क्यू आपरेशन व मलबा हटाने में जुटी हुई थीं।

ghaziabad

लिंटर गिरने से 10 लोग घायल

पुलिस के अनुसार शहीदनगर मेट्रो स्टेशन के पास रावल पिंडी गार्डन स्थित विपुल सोनी की शिवम मेटल एंड एलोएज के नाम से फर्म है।

उनके बगल वाले 200 गज के प्लाट पर गोदाम बनाने के लिए शाम के समय लिंटर डाला जा रहा था। इस प्लाट पर एक परिवार के चार सदस्य रामू, पदमा 10 साल की, पूजा व विक्की रहते हैं।

जिसमें एक महिला, एक आठ साल का बच्चा व दो पुरुष शामिल हैं। लिंटर का काम शुरू ही हुआ था, इस दौरान अचानक लिंटर नीचे गिर गया।

इस हादसे में भीतर प्लाट में रह रहे चारों लोग दब गए और बाहर काम कर रहे छह कामगार जितेंद्र, श्रीराम, रोशन शर्मा, वीरपाल, तौफीक व भोला भी आंशिक रूप से चपेट में आए। मौके पर जुटे लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ व स्थानीय लोगों की मदद से सभी छह लोगों को जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया।

यहां चिकित्सकों ने वीरपाल को भर्ती कर लिया, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। वहीं करीब एक घंटे के राहत कार्य के बाद भीतर फंसे परिवार के चारों सदस्यों को बाहर निकाला गया।

ghaziabad1

सभी को मोहननगर स्थित नरेंद्र मोहन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां सभी की हालत गंभीर बताई गई है और उनका उपचार चल रहा है।

डीसीपी ट्रांस हिंडन रिजुल ने बताया कि सात बजे लिंटर गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस समेत बचाव टीमों को मौके पर रवाना किया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। राहत कार्य के बाद जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बिना सपोर्ट के लिंटर डालने से हादसे का आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस प्लाट में लिंटर डाला जा रहा था, उसका क्षेत्रफल 200 वर्गगज है। उनका आरोप है कि यहां पर बिना किसी ठोस सपोर्ट और करीब 25 फीट ऊंचाई पर लिंटर डाला जा रहा था।

इस कारण हादसा हुआ और लोग घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी।

देर रात तक चला राहत कार्य

हालांकि साढ़े आठ बजे तक सभी घायलों को मलबे में से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। लेकिन इसके बाद भी किसी के दबे होने की आशंका के मद्देनजर देर रात तक पुलिस, दमकल, एसडीआरएफ व एनडीआरएफ ने रेस्क्यू आपरेशन चलाया।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के शहीदनगर में निर्माणाधीन मकान की शटरिंग गिरी, 11 लोग दबे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी