विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में ऑनलाइन बुकिंग से खेल सुविधाओं तक पहुंच होगी आसान, 'खेल सेतु' एप होगा लॉन्च

Published: Wed, 11 Feb 2026 05:35 AM (IST)

गाजियाबाद में खेल सुविधाओं की बुकिंग को पारदर्शी बनाने के लिए 'खेल सेतु' ऐप लॉन्च किया जा रहा है। यह ...और पढ़ें

महामाया स्टेडियम स्थित जिला खेल कार्यालय। जागरण

महामाया स्टेडियम स्थित जिला खेल कार्यालय। जागरण

HighLights

  1. खेल सेतु ऐप से ऑनलाइन बुकिंग और फिजिकल एक्सेस।

  2. ओटीपी आधारित प्रवेश से फर्जी बुकिंग पर लगेगी रोक।

  3. राजस्व वृद्धि और युवाओं को खेलों से जोड़ने में सहायक।

शाहनवाज अली, गाजियाबाद। खेल सुविधाओं की बुकिंग प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की ओर से बड़ा कदम उठाया जा रहा है। महामाया स्टेडियम परिसर में बने बैडमिंटन कोर्ट, स्विमिंग पूल, मल्टीपरपज हाल और खेल मैदान की ऑनलाइन बुकिंग के बाद अब उनका फिजिकल एक्सेस भी तकनीक पर आधारित होगा। इसके लिए एक विशेष मोबाइल ऐप तैयार किया जा रहा है, जिसका नाम ‘खेल सेतु’ रखने की योजना है।

इस ऐप के माध्यम से खिलाड़ी, आम नागरिक, खेल संगठन और शैक्षणिक संस्थान घर बैठे खेल सुविधाओं की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग पूरी होने के बाद उपयोगकर्ता को एक ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) जारी किया जाएगा, जिसे मौके पर मौजूद ग्राउंड स्टाफ को दिखाना अनिवार्य होगा।

इसी ओटीपी के आधार पर संबंधित व्यक्ति या संस्था को खेल सुविधा का प्रवेश और उपयोग करने की अनुमति दी जाएगी। इससे चल रही फर्जी बुकिंग पर रोक लगेगी, बल्कि व्यवस्थाओं में भी पारदर्शिता आएगी और खेल प्रोत्साहन समिति की आय में भी वृद्धि होगी। ‘खेल सेतु’ एप में एक्सेस बिजनेस सब्सक्रिप्शन और यूजर रूल्स को भी रेगुलेट किया जाएगा।

व्यक्तिगत उपयोगकर्ता और खेल संगठनों के लिए अलग-अलग लॉग-इन और सत्यापन की व्यवस्था होगी। ऐप से यह भी भी सुनिश्चित होगा कि इस सुविधा का उपयोग केवल अधिकृत व्यक्ति या संस्था ही कर रही है। स्टेडियम के स्टाफ को भी एप से जोड़ा जाएगा, ताकि वह मौके पर ही ओटीपी के जरिए बुकिंग की पुष्टि कर सकें।

खेल कार्यालय के नहीं काटने होंगे चक्कर

कोई स्कूल या शिक्षण संस्थान महामाया स्टेडियम या अन्य खेल परिसर को किसी खेल प्रतियोगिता या अन्य फंक्शन के लिए बुक करना चाहता है, तो उसे निर्धारित शुल्क मोबाइल एप के माध्यम से आनलाइन जमा करना होगा। बुकिंग प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी और इसके लिए स्टेडियम कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। भुगतान और बुकिंग की जानकारी सीधे एप पर उपलब्ध रहेगी।

ऐप में जुड़ेगी कई अन्य सुविधाएं

प्रस्तावित खेल सेतु एप में भविष्य में टाइम स्लाट मैनेजमेंट, रिफंड पालिसी, कैंसिलेशन ट्रैकिंग और यूजर हिस्ट्री जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। इससे खिलाड़ियों और आयोजकों को अपनी बुकिंग का पूरा रिकार्ड एक ही प्लेटफार्म पर मिल सकेगा। खेल परिसरों के रखरखाव और संचालन की मानिटरिंग भी डिजिटल डैशबोर्ड से की जा सकेगी। ‘खेल सेतु’ एप लागू होने के बाद बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी।

युवाओं को जोड़ने में अहम भूमिका

आम खिलाड़ियों को प्राथमिकता के आधार पर सुविधाएं मिलेंगी। यह सिस्टम न केवल खेल गतिविधियों को सुव्यवस्थित करेगा, बल्कि युवाओं को खेलों से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगा। जिले में डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में यह पहल एक माडल प्रोजेक्ट के रूप में देखी जा रही है, जिसे आगे चलकर प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू किया जा सकता।

प्रस्तावित ‘खेल सेतु’ एप खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल आयोजकों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगा। इससे समय की बचत होगी और बुकिंग प्रक्रिया सरल व भरोसेमंद बनेगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल सिस्टम लागू होने से खेल सुविधाओं के बेहतर उपयोग के साथ-साथ राजस्व में भी वृद्धि होगी। इस ऐप के माध्यम से खेल और तकनीक के बीच मजबूत सेतु स्थापित किया जाएगा। - अभिनव गोपाल, मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी खेल