विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में सात वर्षीय मासूम से दुष्कर्म का आरोपित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Published: Sun, 19 Apr 2026 04:55 PM (IST)

साहिबाबाद के इंदिरापुरम में सात वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के आरोपित अल्फाजुद्दीन उर्फ भालू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद ...और पढ़ें

सात वर्षीय मासूम का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

सात वर्षीय मासूम का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

HighLights

  1. सात वर्षीय मासूम से दुष्कर्म का आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार।

  2. पुलिस कार्रवाई में आरोपित अल्फाजुद्दीन के पैरों में लगी गोली।

  3. नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी, फिर दुष्कर्म।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की निर्माणाधीन इमारत स्थित झुग्गी में सो रही सात वर्षीय मासूम का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाले आरोपित को पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से तमंचा, झुग्गी से चोरी किया मोबाइल और दस हजार रुपये बरामद हुए हैं। मुठभेड़ में आरोपित के दोनों पैरों में गोली लगी है। इसके बाद आरोपित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि एक कॉलोनी में इमारत का निर्माण कार्य चल रहा है। वहां तैनात चौकीदार परिवार समेत परिसर में झुग्गी बना कर रहता है। 15 अप्रैल को देर रात किसी व्यक्ति ने उसकी सात वर्षीय बेटी का अपहरण कर लिया। आरोपित मासूम के साथ दुष्कर्म कर उसे झुग्गी के पास छोड़ गया। उसने झुग्गी से 11 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन चोरी किया था।

सीसीटीवी फुटेज से एक संदिग्ध को चिह्नित किया गया

पीड़िता के पिता ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से एक संदिग्ध को चिह्नित किया। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। शनिवार रात पुलिस टीम कनावनी पुलिया की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध युवक को देखकर उसे रुकने का इशारा किया गया। युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फायरिंग की। दो गोली उसके दोनों पैरों में लगी। जिससे वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम ग्राम सुतना पुर जिला फर्रुखाबाद निवासी अल्फाजुद्दीन उर्फ भालू बताया। उसने मासूम का अपहरण के बाद दुष्कर्म, झुग्गी में चोरी करना स्वीकार किया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नशे का आदि है आरोपित

एसीपी ने बताया कि आरोपित नशे का आदि है। वह नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। घटना के समय आरोपित नशे में था। वह नशीला पदार्थ खरीदने के लिए झुग्गी में चोरी करने गया था। जहां चोरी के बाद मासूम से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। उसने मोबाइल राह चलते युवक को बेच दिया है।

50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए

एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के तत्काल बाद सूचना मिलते ही पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी थी। आरोपित के बारे में पता नहीं होने पर पुलिस के पास कोई सुराग नहीं था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो आरोपित आते हुए और बच्ची को साथ ले जाते हुए दिखाई दिया।

इसके बाद पुलिस ने आगे के रूट पर करीब 50 सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पुलिस नीतिखंड स्थित शमशान घाट तक पहुंची। शमशान घाट के पास की बस्ती में छानबीन की गई तो आरोपित की पहचान हुई और पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में अवैध कॉलोनियों पर गरजा GDA का बुलडोजर, चंद घटों में किया ध्वस्त; कार्रवाई से मचा हड़कंप