विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'6 महीने से नरक जैसा जीवन', लोनी की कई कॉलोनियों में सीवर का काम अधूरा; जलभराव से सड़कों का बुरा हाल

Published: Sat, 07 Nov 2026 09:05 AM (IST)

गाजियाबाद के लोनी में डीएलएफ वेद विहार, अंकुर विहार, रेल विहार कॉलोनी में छह माह से सीवर लाइन का काम ...और पढ़ें

जलभराव।

जलभराव।

HighLights

  1. छह माह से सीवर लाइन का कार्य अधूरा पड़ा है।

  2. कॉलोनियों में घुटनों तक गंदा पानी भरा, आवागमन मुश्किल।

  3. जलभराव से कारोबार प्रभावित, बीमारी फैलने का डर।

हरिशंकर शर्मा, लोनी (गाजियाबाद)। गाजियाबाद में डीएलएफ वेद विहार, अंकुर विहार, रेल विहार कालोनी में सीवर लाइन बिछाने का कार्य छह माह बाद भी पूरा नहीं हो सका है। कार्य अधूरा छोड़ने और खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं होने से कालोनी के लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

कॉलोनी के मुख्य द्वार पर सहकारी आवास समिति के पास गली में घुटनों तक गंदा पानी भरा हुआ है। हालात ऐसे हैं कि लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।

जलभराव के कारण दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है जबकि स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।

नालियां चोक हो गईं

स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब छह माह पहले जल निगम की ओर से डीएलएफ कॉलोनी में सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू कराया गया था। ठेकेदार ने पाइपलाइन बिछाने के लिए गलियों की सड़क खोद दी थी। सीवर लाइन डालने का कार्य अभी चल रहा है। सड़क किनारे मलबा पड़ा होने से नालियां चोक हो गई हैं। नालियों का गंदा पानी बाहर निकलकर सड़कों पर जमा हो रहा है।

लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालक पानी में छिपे गड्ढों के कारण फिसलकर गिरने का खतरा झेल रहे हैं। दुकानों के सामने पानी भरा होने से ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं।

वहीं, गंदगी और बदबू के कारण मच्छर पनप रहे हैं। लोगों ने जल निगम के अधिकारियों से सीवर कार्य पूरा कराने, मलबा हटवाने और सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।

छह माह से गली की हालत खराब है। दुकान के सामने गंदा पानी भरा रहता है। ग्राहक पानी से होकर दुकान तक नहीं पहुंच पाते। इससे रोजाना के कारोबार पर असर पड़ रहा है। - रामेश्वर शास्त्री, स्थानीय निवासी

बच्चों को स्कूल भेजने में काफी परेशानी होती है। गली में भरे पानी के कारण बच्चे कई बार फिसल चुके हैं। अभिभावकों को बच्चों के साथ निकलना पड़ता है। - शिव दयाल, स्थानीय निवासी

पानी भरने से सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते। दोपहिया वाहन लेकर निकलना जोखिम भरा हो गया है। कई बार वाहन फिसलने से बचा है। अधिकारियों को जल्द सड़क ठीक करानी चाहिए। - शाहरुख, स्थानीय निवासी

गंदे पानी के कारण मच्छरों की संख्या बढ़ गई है। घरों के आसपास बदबू रहती है। बच्चों को बीमारी फैलने का डर बना हुआ है। समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए। - ऋषि, स्थानीय निवासी

दुकान के सामने दिनभर पानी भरा रहता है। ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच पाते। सामान खराब होने का डर रहता है। अधूरा काम छोड़कर जाने वाले ठेकेदार पर कार्रवाई होनी चाहिए। - छोटे लाल, स्थानीय निवासी

मामला संज्ञान में आया है। जल निगम को पत्राचार कर कार्यदायी संस्था को जल्द सीवर लाइन का कार्य पूरा करने के लिए कहा गया है। जल भराव की समस्या का समाधान कर कर खोदी गई सड़क को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। - वैभव त्रिपाठी, ईओ नगर पालिका लोनी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।