बर्थडे सेलिब्रेट कर लौट रही युवती को खींचकर छेड़छाड़, बचाने आए भाई-दोस्तों पर हमला; 112 पर भी नहीं उठी कॉल
गाजियाबाद के आरडीसी में जन्मदिन मनाकर लौट रही युवती से छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर उसके भाई और दोस्तों ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
आरडीसी में जन्मदिन मनाकर लौट रही युवती से छेड़छाड़ का मामला।
विरोध करने पर युवती के भाई और साथियों पर हमला किया गया।
पुलिस ने एक बाउंसर सहित अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। आरडीसी में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस के दावों के बीच युवती से छेड़छाड़ और उसके भाई व साथियों से मारपीट का मामला सामने आया है।
बुधवार देर रात जन्मदिन मनाकर घर लौटने की तैयारी कर रही युवती के साथ कुछ युवकों ने छेड़छाड़ की। युवती को खींचकर ले जाने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर उसके भाई से मारपीट की गई।
आरोप है कि इसके बाद कैफे से करीब छह युवकों को बुलाकर लाठी-डंडे और पिस्टल से हमला कराया गया। मामले में कविनगर पुलिस ने एक बाउंसर अभिषेक चौधरी उर्फ बच्चू सिंह और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पार्किंग से अंधेरे में खींचने का किया प्रयास
कविनगर थानाक्षेत्र निवासी युवती एक दुकान में काम करती है। बुधवार देर रात युवती अपने भाई और अन्य लोगों के साथ आरडीसी स्थित कैफे में भाई का जन्मदिन मनाने के बाद घर जाने के लिए पार्किंग में पहुंची थी।
इसी दौरान एक युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया और तीन युवकों ने उसे अंधेरे की ओर खींचकर छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती के शोर मचाने पर उसका भाई वहां पहुंचा तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि कैफे के कर्मचारियों ने फोन कर करीब छह युवकों को बुलाया। इनमें चार के हाथ में लाठी-डंडे और दो के पास पिस्टल थी। आरोपितों ने युवती के भाई और उसके साथियों पर हमला किया तथा पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी।
युवती के अनुसार 112 पर कॉल की गई, लेकिन कॉल नहीं उठी। स्थिति बिगड़ती देखकर एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो आरोपित फरार हो चुके थे।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में दारोगा पर गिरी गाज, FIR दर्ज करने में लापरवाही पर वेव सिटी थानाध्यक्ष लाइन हाजिर
