विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद वालों के लिए बड़ी खबर, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का रास्ता साफ, तेजी से होगा शहर का विस्तार

Published: Thu, 24 Sep 2026 05:45 PM (IST)

जीडीए की 174वीं बोर्ड बैठक में गाजियाबाद के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिली, जिसमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के लिए भूमि अधिग्रहण भी शामिल है।

जीडीए की 174वीं बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय।

जीडीए की 174वीं बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय।

HighLights

  1. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के लिए भूमि अधिग्रहण को मंजूरी मिली।

  2. आवासीय योजनाओं और बड़ी टाउनशिप के प्रस्तावों पर मुहर लगी।

  3. औद्योगिक भू-उपयोग परिवर्तन से विकास को बढ़ावा मिलेगा।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। जीडीए की 174वीं बोर्ड बैठक में शहर के भविष्य के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के लिए भूमि जुटाने की प्रक्रिया से लेकर आवासीय योजनाओं, बड़ी टाउनशिप, औद्योगिक भू-उपयोग और प्राधिकरण की संपत्तियों के बेहतर इस्तेमाल तक प्रस्तावों पर बोर्ड ने सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई।

मंडलायुक्त एवं बोर्ड अध्यक्ष भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की भूमि को लैंड पूलिंग के माध्यम से प्राप्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके साथ ड्राफ्ट एमओयू और फीजिबिलिटी रिपोर्ट से जुड़ी कार्यवाही को भी आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ।

स्टेडियम के निर्माण से जुड़े प्रस्ताव को शहर की बड़ी अवस्थापना परियोजनाओं में शामिल किया गया है। बोर्ड बैठक में डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़, डीएम हापुड़ कविता मीना, जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मालिक, संयुक्त निदेशक कोषागार एवं पेंशन मेरठ मंडल सतीश कुमार, कार्डिनेटर प्लानर एनसीआर सेल विशाल भारती, आरएम यूपीसीडा प्रदीप कुमार सत्यार्थी के अलावा बोर्ड के नामित सदस्य केशव त्यागी और पवन गोयल उपस्थित रहे।

हरनंदीपुरम के बाद शहर के दूसरे हिस्सों में भी विकास

बोर्ड बैठक में इंदिरापुरम के शक्तिखंड-4 स्थित 5,965.29 वर्गमीटर होटल भूखंड का उपयोग आवासीय (ग्रुप हाउसिंग) करने को मंजूरी दी। कोयल एन्क्लेव में 12,868.88 और 2,020 वर्गमीटर के ग्रुप हाउसिंग भूखंडों को प्लाटेड डेवलपमेंट में बदलने तथा इंद्रप्रस्थ के 4,353 वर्गमीटर भूखंड पर भी प्लाटेड डेवलपमेंट की अनुमति दी गई।

मधुबन-बापूधाम के 198 आवास ई-नीलाम होंगे

योजना में निर्माणाधीन 198 दो-बीएचके भवनों का मूल्यांकन कराकर जैसा है जहां है के आधार पर ई-नीलामी किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इससे प्राधिकरण की तैयार हो रही आवासीय परिसंपत्ति के उपयोग का रास्ता खुलेगा।

सनसिटी के 589 एकड़ पहले चरण को मंजूरी

2,420.11 एकड़ क्षेत्रफल वाली सनसिटी टाउनशिप की डीपीआर के तहत प्रथम चरण में 589.02 एकड़ के तलपट मानचित्र को मंजूरी दी गई। शाहपुर बम्हैटा की सनराइज ग्रीन इंटीग्रेटेड टाउनशिप की 300 एकड़ की पूर्व स्वीकृत डीपीआर को संशोधित कर 252.32 एकड़ की पुनरीक्षित डीपीआर को भी स्वीकृति मिली। वेव सिटी के सेक्टर-1 में 8,035.44 वर्गमीटर पीएसपी और 14,756.86 वर्गमीटर कमर्शियल भूखंड से जुड़े भू-उपयोग परिवर्तन को भी बोर्ड ने मंजूरी दी।

औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा

हापुड़ के ग्राम हसनपुर लोढ़ा की 13.1568 हेक्टेयर कृषि भूमि को औद्योगिक उपयोग में परिवर्तित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इससे औद्योगिक गतिविधियों और एमएसएमई निवेश के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में घर-जमीन खरीदने वालों के लिए जरूरी खबर, सर्किल रेट बढ़ाने की तैयारी शुरू; महंगी होगी प्रॉपर्टी