गाजियाबाद में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की जमाखोरी करने वालों की खैर नहीं, दर्ज की जाएगी FIR
गाजियाबाद में पश्चिम एशिया संघर्ष के बाद पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की जमाखोरी रोकने के लिए प्रशासन सख्त है। ...और पढ़ें

पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की जमाखोरी रोकने के लिए प्रशासन सख्त।
HighLights
जमाखोरी रोकने को चार टीमें गठित, FIR दर्ज होगी।
पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की आपूर्ति सामान्य, अफवाहों से बचें।
होटल-रेस्तरां में व्यावसायिक गैस आपूर्ति रोकी गई।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। पश्चिम एशिया में छिड़े महासंग्राम के बाद जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की जमाखोरी न होने पाए, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा नजर रखी जा रही है। चार टीमें गठित की गई हैं, जो संदिग्धों पर नजर रख रही हैं। यदि कोई व्यक्ति या डीलर जमाखोरी करते हुए मिला तो उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। इसके साथ ही इंटरनेट मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है, जिससे कि यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाए तो उस पर कार्रवाई की जाए।
लोगों से अपील की गई है कि वह किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें, जिले में पेट्रोल , डीजल और रसोई गैस की किल्लत नही है। सामान्य तरीके से आपूर्ति की जा रही है। गैस की अवैध तरीके से रिफिलिंग करने, कालाबाजारी करने और खुले में पेट्रोल व डीजल की बिक्री पर सख्ती के साथ रोक लगाई गई है।
कामर्शियल गैस सिलिंडर की भी आपूर्ति अस्पतालों, शैक्षिक संस्थानों और जेल में जारी है। जिससे कि मरीजों, विद्यार्थियों और बंदियों को भोजन मिलने में किसी प्रकार की समस्या न हो। होटल, रेस्तरां और ढाबों पर अभी कामर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति पर रोक है, लोग स्टाक में रखे सिलिंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं।
यही वजह है कि होटल, रेस्तरां और ढाबे भी खुले हुए हैं। जिला प्रशासन द्वारा लोगों से अपील की जा रही है कि वह जरूरत के हिसाब से ही गैस का इस्तेमाल करें। जिससे कि पैनिक न हो। रसोई गैस सिलिंडर सभी को दिए जाएंगे। जिले में रसोई गैस सिलिंडर की आपूर्ति को लेकर पहले 21 दिन के समयांतराल का समय निर्धारित किया गया, उसे बढ़ाकर अब 25 दिन कर दिया गया है।
होटल और रेस्तरां में कमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति पर रोक जारी है। अभी जिन लोगों के पास स्टाक में सिलिंडर हैं, वह उसका इस्तेमाल कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि जल्द ही स्थिति सामान्य हो सके। कुछ गैस एजेंसियों पर सोमवार और मंगलवार को लोग बिना बुकिंग कराए ही गैस सिलिंडर लेने के लिए पहुंचे जिससे लाइन भी लगी।
लेकिन गैस एजेंसी संचालकों ने उनका समझाकर वापस भेजा कि बिना वजह भीड़ न करें न ही पैनिक फैलाएं, यदि किसी के घर में गैस सिलिंडर खाना बनाने के लिए उपलब्ध नही है तो उसको प्राथमिकता पर रसोई गैस दी जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने सभी से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को समस्या है तो वह जिला पूर्ति कार्यालय में आकर संपर्क कर सकता है, उसकी मदद की जाएगी। पेट्रोल पंपों पर भी निगरानी बढ़ा दी गयी है।
जिले में पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की आपूर्ति में कोई समस्या नही है। कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। जमाखोरी करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इसके साथ ही इंटरनेट मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है, यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी। - रविंद्र कुमार मादड़, जिलाधिकारी
यह भी पढ़ें- पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह आज गाजियाबाद में विकास कार्याें का करेंगे लोकार्पण, शिलान्यास का भी है कार्यक्रम
