गाजियाबाद में एलिवेटेड रोड पर खत्म होगा लंबा चक्कर, स्लिप रोड का काम तेज; नवरात्रि से शुरू होगी पिलर कास्टिंग
गाजियाबाद में एलिवेटेड रोड पर इंदिरापुरम और वसुंधरा की ओर बन रही स्लिप रोड का निर्माण कार्य नवरात्रि के पहले ...और पढ़ें

जीडीए द्वारा प्रस्तावित स्लिप रोड पर ऐसे लगेंगे दिशा सूचक। सौ. जीडीए
HighLights
नवरात्रि के पहले दिन स्लिप रोड के पिलर की कास्टिंग
80.37 करोड़ रुपये की लागत से बन रही दो स्लिप रोड
लाखों वाहन चालकों को जाम से मिलेगी राहत, सीधी कनेक्टिविटी
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। एलिवेटेड रोड पर चढ़ने और उतरने के लिए लंबा चक्कर लगाने की मजबूरी जल्द खत्म होने वाली है। प्राधिकरण ने इंदिरापुरम और वसुंधरा की तरफ बनने वाली स्लिप रोड के निर्माण को रफ्तार देने की तैयारी कर ली है।
नवरात्रि के पहले दिन पिलर कास्टिंग का मुहूर्त रखा गया है। इसके साथ ही निर्माण कार्य के अगले महत्वपूर्ण चरण की शुरुआत होगी। स्लिप रोड पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को भ्रम से बचाने के लिए प्रमुख स्थानों पर दिशा सूचक भी लगाए जाएंगे।
नवरात्रि में पिलर कास्टिंग का मुहूर्त
करीब 80.37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना में दो स्लिप रोड तैयार की जा रही हैं। एक की लंबाई करीब 590 मीटर और दूसरी की 620 मीटर होगी। दोनों का कैरिजवे 7.5 मीटर चौड़ा होगा।
परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली, इंदिरापुरम और वसुंधरा की ओर आने-जाने वाले लाखों वाहन चालकों को सीधा कनेक्टिविटी विकल्प मिलेगा। परियोजना की खास चुनौती नहर के ऊपर पिलर निर्माण है।
इसके लिए सिंचाई विभाग से एनओसी की प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है। नहर के ऊपर तीन पिलर बनाए जाने हैं। कर्मचारियों के लिए निर्माण स्थल पर अस्थायी कार्यालय और रहने की व्यवस्था की जा रही है।
स्लिप रोड से जाम से मिलेगी राहत
अभी एलिवेटेड रोड पर चढ़ने-उतरने के लिए वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। पीक आवर में इसका असर आसपास की सड़कों पर भी दिखाई देता है। स्लिप रोड बनने के बाद एलिवेटेड रोड से सीधे प्रवेश और निकास की सुविधा मिलेगी।
स्लिप रोड शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखते हुए इसे निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाएगा। वाहन चालकों को चढ़ने और उतरने में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए मार्ग पर आवश्यक दिशा सूचक और यातायात संकेतक भी लगाए जाएंगे।
- नन्द किशोर कलाल, उपाध्यक्ष जीडीए
यह भी पढ़ें- वोटर लिस्ट से नाम कटा है तो न हों परेशान, गाजियाबाद में घर-घर आएंगे BLO; फॉर्म-6 भरकर दर्ज कराएं नाम
