साहिबाबाद डिपो से माह के अंत तक चलेंगी 27 ई-बसें, लाखों यात्रियों को मिलेगी सुविधा
माह के अंत तक साहिबाबाद डिपो से प्रदेश के विभिन्न शहरों के लिए ई-बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। चार्जिंग ...और पढ़ें
-1773266828338_m.webp)
माह के अंत तक प्रदेश के विभिन्न शहरों के लिए ई-बसों का संचालन शुरू होगा।
HighLights
माह के अंत तक शुरू होगा ई-बसों का संचालन।
साहिबाबाद डिपो से चलेंगी 27 नई इलेक्ट्रिक बसें।
चार्जिंग स्टेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। माह के अंत तक प्रदेश के विभिन्न शहरों के लिए ई-बसों का संचालन शुरू हो सकेगा। इसके चलते लाखों यात्रियों को सुविधा मिलेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च के अंत तक साहिबाबाद डिपो में चार्जिंग स्टेशन का काम पूरा होने के बाद 27 बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
परिवहन निगम ने स्मार्ट सिटी योजना के तहत गाजियाबाद से प्रदेश के शहरों के लिए करीब दो वर्ष पहले 38 ई-बसों के संचालन की योजना बनाई थी। इनमें से बीते वर्ष जुलाई में करीब 37 बसें मिल चुकी हैं। अभी तक 10 बसों का संचालन ही किया जा सका है। बाकी 27 बसें साहिबाबाद डिपो में खड़ी हुई धूल फांक रही हैं। जबकि बसों को आए हुए आठ माह से अधिक बीत चुके हैं। अब चार्जिंग स्टेशन बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
अधिकारियों का दावा है कि इस माह के अंत तक स्टेशन का कार्य पूरा कर सभी बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा मुजफ्फरनगर के पुरकाजी, नजीबाबाद, कासगंज, एटा, अलीगढ़, आगरा व मथुरा में चार्जिंग प्वाइंट की भी तलाश की जा रही है। कुछ स्थानों पर बनाए भी जा रहे हैं। इसके अलावा हरिद्वार, ऋषिकेश व देहरादून में व्यवस्था की जा रही है।
रूटों में किया जा सकता है बदलाव
अगर किसी शहर में चार्जिंग प्वाइंट नहीं मिला तो उस रूट में बदलाव किया जा सकता है। वर्तमान में नजीबाबाद, मथुरा व मुरादाबाद के लिए तीन-तीन बसों का संचालन हो रहा है। अधिकारी जल्द ही अलीगढ़, फर्रूखाबाद, आगरा व कासगंज में बसों के संचालन की तैयारी कर रहे हैं।
बसों के लिए चालकों की भर्ती की जा रही
प्रत्येक ई-बस को रात-दिन चलाने के लिए कम से कम दो चालकों की जरूरत पड़ेगी। अभी तक करीब 20 चालकों की भर्ती की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही और चालकों की भर्ती की जाएगी, जिससे बसों के संचालन में परेशानी न आए।
माह के अंत तक ई-बसों का संचालन करने के लिए तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। इसके लिए मुख्यालय से भी कड़े निर्देश हैं। हर हाल में बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। -राजेश कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, साहिबाबाद डिपो
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में 35 डिग्री पर ही बिजली व्यवस्था ने तोड़ा दम, 20% फीडर ओवरलोड
