गाजियाबाद में दशहरा पर ट्रैफिक डायवर्जन, घंटाघर और मुरादनगर में 21 अक्टूबर तक कई रास्ते बंद
गाजियाबाद में दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर 19 से 21 अक्टूबर तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। ...और पढ़ें

गाजियाबाद में दशहरा और विसर्जन को लेकर कई रास्ते बंद। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने जीटी रोड पर घंटाघर के आसपास एवं मुरादनगर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए डायवर्जन लागू किया है।
व्यवस्था सोमवार शाम से लागू कर दी है और बुधवार को कार्यक्रम समाप्ति तक रहेगी। इस दौरान कई मार्गों पर भारी वाहनों के साथ अन्य वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।
घंटाघर और मुरादनगर में डायवर्जन
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन के मुताबिक घंटाघर रामलीला मैदान के आसपास हल्के, मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहनों पर सोमवार शाम से डायवर्जन लागू कर दिया गया। यह व्यवस्था 21 अक्टूबर तक रहेगी।
चार पहिया वाहन, आटो और ई-रिक्शा का आवागमन मंगलवार देर रात तक रावण के पुतले का दहन होने के बाद तक लागू रहेगा।
पुराने जीटी रोड पर हापुड़ तिराहे से चौधरी मोड़ और पटेलनगर पुल चढ़ाव से चौधरी मोड़ की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। वाहन चालकों को पुराने बस अड्डे और अन्य वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
गंगनहर मुरादनगर पर मेरठ से मोदीनगर और मुरादनगर आने वाले भारी वाहनों को गंगनहर की ओर जाने से रोका जाएगा। इन्हें दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच नौ से मोहीउद्दीनपुर होते हुए हापुड़ की ओर भेजा जाएगा।
मोदीनगर से आने वाले भारी वाहन राज चौपला से हापुड़ मार्ग होते हुए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करेंगे। इसके अलावा पाइपलाइन मार्ग पर टीला मोड़ से भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इन मार्गों से निकलेंगे वाहन
लोनी तिराहा से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होते हुए डासना उतरने की व्यवस्था रहेगी। दुहाई ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से वाहन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के रास्ते मेरठ जाएंगे। आर्डिनेंस फैक्ट्री से निकलने वाले भारी वाहनों को कन्नौजा मार्ग से एनएच-नौ का इस्तेमाल करना होगा।
