विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद के सरकारी अस्पताल की खुली पोल, औचक निरीक्षण में स्टाफ मिला गायब, अपर निदेशक ने जब्त किया अटेंडेंस रजिस्टर

Published: Fri, 13 Nov 2026 10:46 AM (IST)

गाजियाबाद के डूंडाहेडा संयुक्त अस्पताल का अपर निदेशक ने औचक निरीक्षण किया, जहां ओपीडी में केवल दो डॉक्टर मिले और उपस्थिति रजिस्टर जब्त कर लिया गया।

औचक निरीक्षण में गायब मिला स्टाफ। जागरण

औचक निरीक्षण में गायब मिला स्टाफ। जागरण

HighLights

  1. अपर निदेशक ने डूंडाहेडा अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।

  2. ओपीडी में केवल दो डॉक्टर उपस्थित मिले, रजिस्टर जब्त।

  3. अस्पताल में गंदगी, अनुपस्थित कर्मचारी और खराब सेवाएं पाई गईं।

मदन पांचाल, गाजियाबाद। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मेरठ मंडल के अपर निदेशक डॉक्टर मनोज सेन और संयुक्त निदेशक डॉक्टर अशोक तालियान ने शुक्रवार सुबह गाजियाबाद में 50 बेड के संयुक्त अस्पताल डूंडा हेडा का औचक निरीक्षण किया।

अपर निदेशक ने सबसे पहले ओपीडी का बारीकी से जायजा लिया। पूरी ओपीडी में केवल दो डॉक्टर उपस्थित मिले। इनमें नेत्र रोग विशेषज्ञ अतुल आनंद और फिजिशियन डॉक्टर रंजीत शामिल है। डॉ. रंजीत ने तब तक सिर्फ 11 मरीज देखे थे।

इसके अलावा अतुल आनंद ने एक भी मरीज नहीं देखा। इमरजेंसी में डॉक्टर अजमल उपस्थित मिले। बाकी 11 चिकित्सक अस्पताल में उपस्थित नहीं पाए गए। इसके बाद अपर निदेशक ने उपस्थिति रजिस्टर का बारीकी से मूल्यांकन किया। उपस्थिति को लेकर संदेह पैदा होने पर अपर निदेशक उपस्थिति रजिस्टर को जब्त कर कर ले गए हैं।

WhatsApp Image 2026-11-13 at 10.37.00

पता चला है कि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में भी कई खामियां पाई गई हैं। साफ-सफाई ठीक ढंग से नहीं की गई। बेड पर मानक के अनुसार, चादर बिछी हुई नहीं मिली। गंदगी भी मिली। चिकित्सकों के अलावा अनेक स्वास्थ्य कर्मी भी गैर हाजिर मिले।

बता दें कि सुबह 8 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक ओपीडी में चिकित्सकों के अलावा स्वास्थ्य कर्मियों को उपस्थित रहना अनिवार्य है। साथ ही इमरजेंसी 24 घंटे संचालित की जाती है तो ऐसे में स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त रहनी चाहिए लेकिन, इमरजेंसी सेवा में भी उन्हें खामियां मिली हैं।

WhatsApp Image 2026-11-13 at 10.36.59 (1)

बता दें कि इस अस्पताल के सीएमएस एसी आर में अच्छा लिखने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने के आरोप में हटा दिया गया है। उनकी जगह एसीएमओ डॉक्टर नीरज अग्रवाल को नोडल बनाया गया है लेकिन, औचक निरीक्षण के समय नोडल अधिकारी भी वहां उपस्थित नहीं मिले।

इस अस्पताल के निर्माण पर 19 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च किया गया था लेकिन, चालू होने के बाद से लेकर अब तक ओपीडी 500 से अधिक नहीं पहुंच पाई है, जबकि इस अस्पताल को क्षेत्र की 5 लाख से अधिक आबादी को ध्यान में रखकर खोला गया था।

सर्जरी भी बहुत ही कम हो रही है। मरीज को भर्ती करने के नाम पर चिकित्सक रेफर करना अधिक पसंद करते हैं। अस्पताल से जुड़े एक चिकित्सक की शासन स्तर से दो विभागीय जांच भी चल रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।